।। कोसी कलां ।।
39वें कोसी अंतर्राज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में पलवल की शानदार जीत, अलीगढ़ को 7 विकेट से हराकर फाइनल में किया प्रवेश।

गोल्डन क्रिकेट क्लब के तत्वाधान में स्वर्गीय श्री रतिराम सरपंच जी की पुण्य स्मृति में आयोजित 39वां अंतर्राज्यीय कोसी आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट अपने रोमांचक मुकाबलों के कारण खेल प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन कर रहा है। इसी क्रम में शनिवार को टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला अलीगढ़ और पलवल की मजबूत टीमों के बीच खेला गया, जिसमें पलवल की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली। मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुलवीर सिंह (मिक्की भाई) पप्पू ढाबा वाले, गजेन्द्र चौधरी एडवोकेट (गोहारी) तथा विशेष रूप से आमंत्रित धर्मवीर अग्रवाल (चेयरमैन, नगर पालिका परिषद कोसीकलां) द्वारा विधिवत टॉस उछालकर एवं दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय के दौरान खेल भावना से खेलने का संदेश देते हुए टूर्नामेंट के सफल आयोजन की सराहना की। टॉस जीतकर अलीगढ़ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।

अलीगढ़ की शुरुआत आक्रामक रही और बल्लेबाज अंकुर चौधरी ने दूसरे ओवर में 24 रन जड़कर पलवल के गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश की। हालांकि, इसके बाद पलवल के गेंदबाजों ने शानदार अनुशासन और रणनीति का परिचय देते हुए लगातार अंतराल पर विकेट चटकाए। परिणामस्वरूप अलीगढ़ की टीम 19वें ओवर में मात्र 102 रन पर ऑलआउट हो गई। अलीगढ़ की ओर से माधव वशिष्ठ (28 रन), अंकुर चौधरी (27 रन) और यश नागर (13 रन) ही कुछ खास योगदान दे सके। गेंदबाजी में पलवल के सूरज कुंडू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि परमवीर सोलंकी और एडी ने 2–2 विकेट लेकर अलीगढ़ की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पलवल टीम की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही और टीम ने 41 रन के स्कोर पर अपने 3 महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। इससे मैच कुछ समय के लिए रोमांचक हो गया, लेकिन इसके बाद मोईन खान और सुन्दर ने जिम्मेदारी संभालते हुए आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। दोनों बल्लेबाजों ने अलीगढ़ के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और तेजी से रन बटोरते हुए टीम को जीत की ओर पहुंचा दिया। पलवल की टीम ने मात्र 12.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश किया।
मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए पलवल के बल्लेबाज सुन्दर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार मुख्य अतिथि धर्मवीर अग्रवाल द्वारा प्रदान किया गया। पुरस्कार वितरण के दौरान दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजकों ने जानकारी दी कि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार, 04 जनवरी 2026 को गुड़गांव और पलवल की टीमों के बीच खेला जाएगा, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

मैच में अंपायरिंग की जिम्मेदारी अप्पू खान और अनिल सागर ने निभाई, जबकि स्कोरिंग मयंक प्रताप ने की। मैच के दौरान देवकी नंदन पांडे ने आकर्षक और रोचक कमेंट्री कर दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
इस अवसर पर दिग्विजय सिंह, नवनीत अग्रवाल, वीरेन्द्र चौधरी, विवेक चौधरी, जिब्रान हुसैन, मुकुंद निरंकारी, वसीम, देवकी नंदन, रोहताश चौधरी, भरत चौहान, रामवीर बघेल, महेंद्र सिंह, नरेश अत्री, सुभाष शर्मा, कुलदीप चौधरी, पप्पू खान, गजेंद्र मास्टर, जीतू पंडित सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। टूर्नामेंट के सफल आयोजन पर आयोजक समिति की चारों ओर सराहना की जा रही है।
रिपोर्टर –विष्णु कुमार
मो.न. – 8279987958
Updated Video




Subscribe to my channel





