अर्जुन रौतेला आगरा। ट्रांस यमुना क्षेत्र के टेढ़ी बगिया स्थित विकास नगर सब्जी मंडी में मंगलवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। आरोप है कि नशे में धुत भाई ने रसोई में खाना बना रही अपनी बहन को तमंचे से गोली मार दी। पीठ में गोली लगने से बेबी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए पुष्पांजलि हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां वह आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। बताया गया है कि गोली अभी उसकी पीठ में फंसी हुई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना 100 फीट रोड स्थित विकास नगर सब्जी मंडी की है। वारदात के बाद बेबी की सहेली इरम ने पुलिस की मदद के लिए 112 नंबर पर सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की और मामले की जांच शुरू कर दी।
पिता ने बेटे समेत तीन लोगों पर लगाए आरोप
पीड़िता के पिता कृपाल सिंह ने बुधवार को थाने में तहरीर देकर अपने बेटे राहुल कुमार उर्फ चौबा, बड़े बेटे सुमेर सिंह और बहू राजकुमारी को नामजद किया है। तहरीर के मुताबिक, परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि 17 अक्टूबर को उनकी सबसे छोटी बेटी तन्नू अपने पति सचिन के साथ घर आई थी। तन्नू ने करीब दो वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। उसके घर आने पर राहुल ने कथित तौर पर मारपीट की थी। पिता का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उन्हें और उनकी बेटियों को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

कृपाल सिंह ने दावा किया कि परिवार में प्रताड़ना को लेकर पहले भी दो बार पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि समय रहते कार्रवाई होती तो इस घटना को रोका जा सकता था।
पारिवारिक विवाद को लेकर भाभी ने भी लगाए आरोप
मामले में नामजद राजकुमारी ने दावा किया कि बेबी की गतिविधियों को लेकर पिछले एक वर्ष से परिवार में विवाद चल रहा था। आरोप है कि बेबी अपनी सहेली इरम को साथ रखती थी, जिसको लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। राजकुमारी के मुताबिक, मंगलवार रात राहुल नशे की हालत में घर आया और उसने बेबी को गोली मार दी। हालांकि, बेबी की गतिविधियों को लेकर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि घायल बेबी की हालत गंभीर है। पुलिस को तहरीर मिली है और मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया के संबंध में कार्रवाई की जाएगी। मुख्य आरोपी राहुल की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video





Subscribe to my channel




