गुजरात हेड राजेंद्र तिवारी कि खास रिपोर्ट
लगातार बारिश से सूरत जलमग्न, मुख्य मार्गों पर जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त
सूरत, 8 जुलाई। सोमवार शाम हुई मूसलाधार बारिश ने सूरत शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। महज एक घंटे की तेज बारिश के बाद शहर के अधिकांश प्रमुख मार्गों पर जलभराव हो गया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़कों पर पानी भरने से कई स्थानों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और वाहन चालक घंटों तक जाम में फंसे रहे।
उधना, जोगणी माता मंदिर, अडाजन पाटिया, पाल, जहांगीरपुरा, पालनपुर पाटिया, रिंग रोड, भटार सहित कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को सुरक्षित मार्ग तलाशने में कठिनाई हुई, जबकि कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए सूरत महानगरपालिका के कर्मचारियों ने गटरों के ढक्कन हटाकर पानी की निकासी का प्रयास किया। इसके बावजूद कई इलाकों में लंबे समय तक पानी जमा रहने से आम नागरिकों, कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों तथा व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
रिंग रोड पर मेट्रो परियोजना के निर्माण कार्य के कारण कीचड़ की समस्या भी सामने आई। वहीं भटार क्षेत्र की ग्राउंड फ्लोर स्थित कई दुकानों में बारिश का पानी घुस जाने से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
शहरवासियों ने मांग की है कि नगर निगम मानसून के दौरान जल निकासी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए, ताकि हर वर्ष होने वाली जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत मिल सके।
टी एन न्यूज़ 24 आवाज जुर्म के खिलाफ गुजरात हेड राजेंद्र तिवारी के साथ राजेश देसाई कि खास रिपोर्ट
Updated Video





Subscribe to my channel



