आगरा। वॉइस ऑफ स्कूल एसोसिएशन (VOSA) ने आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर आगरा निर्वाचन क्षेत्र की स्नातक और शिक्षक सीट के लिए अपने समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा की है। संगठन की ओर से प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राहुल राज को स्नातक सीट तथा शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रभारी मदन मोहन शर्मा को शिक्षक सीट के लिए प्रत्याशी घोषित किया गया।

होटल ब्रज भोग में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रत्याशियों के चयन पर सदस्यों की सहमति के बाद सूची जारी की गई। महासचिव अतुल कुलश्रेष्ठ ने प्रत्याशी सूची पर हस्ताक्षर कर इसे आधिकारिक रूप से जारी किया।
संगठन के मुताबिक चुनाव की तैयारियां 12 जिलों में शुरू कर दी गई हैं। प्रत्येक पोलिंग बूथ पर बूथ कमेटियों के गठन की प्रक्रिया चल रही है। बूथ प्रबंधन और चुनावी तैयारियों की जिम्मेदारी नीलम तिवारी को सौंपी गई है। चुनाव क्षेत्र को विभिन्न जोन में बांटकर जिला प्रभारियों को भी जिम्मेदारियां दी गई हैं।
प्रेस वार्ता में डॉ. राहुल राज ने UGC के 2026 के उच्च शिक्षण संस्थानों में समानता संबंधी नियमों को लेकर संगठन की आपत्तियां रखीं। VOSA की ओर से इन प्रावधानों को वापस लेने की मांग की गई। संगठन का कहना है कि कुछ प्रावधानों को लेकर सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों में असुरक्षा और असंतोष है। इसी मुद्दे को चुनाव में प्रमुख विषय बनाने की बात कही गई। सितंबर में आगरा में भी इन UGC नियमों को वापस लेने की मांग को लेकर प्रदर्शन हो चुका है।

डॉ. राहुल राज ने कहा कि संगठन प्रदेश की विभिन्न शिक्षक और स्नातक निर्वाचन सीटों पर अपने प्रतिनिधियों को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी कर रहा है। उनका कहना था कि वित्तविहीन शैक्षिक संस्थानों और शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को चुनावी मंच पर प्रमुखता से उठाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम चाहे जो हों, संगठन की ओर से प्रत्याशी उतारने से चुनावी विमर्श में इन मुद्दों को स्थान मिलेगा।
आयोजन में संगठन के प्रवक्ता योगेश कुलश्रेष्ठ, के.के. सिंह, सोनिया सिंह, दिलीप जौहरी, रोमा परमार, इंदु सिंह, वीरेंद्र सिंह, अनुराग श्रीवास्तव, संदेश शर्मा, नकुल सारस्वत, अंकुर शंकर गौतम सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। आगरा जिला प्रशासन की वेबसाइट पर 2026 के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूचियां भी प्रकाशित की गई हैं।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video





Subscribe to my channel




