अर्जुन रौतेला आगरा। आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में चल रहे 18वें ‘मीट एट आगरा’ के दूसरे दिन फुटवियर उद्योग में तकनीक, कारोबार और नए व्यावसायिक रिश्तों की संभावनाएं देखने को मिलीं। रविवार को फेयर में 8,126 विजिटर्स पहुंचे, जिनमें 3,749 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स और 576 भावी उद्यमी शामिल रहे। नई मशीनरी, फुटवियर कंपोनेंट्स, मटेरियल्स और उत्पादन तकनीकों को देखने के साथ उद्यमियों ने प्रदर्शकों से सीधे संवाद कर कारोबारी संभावनाओं पर चर्चा की।

बाइंग एजेंट्स और फैक्ट्री ओनर्स का सीधा संवाद बना आकर्षण
फेयर के दूसरे दिन बाइंग एजेंट्स और फैक्ट्री ओनर्स के बीच विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उत्पाद की गुणवत्ता, डिजाइन, सोर्सिंग, समयबद्ध आपूर्ति और बाजार की बदलती जरूरतों पर विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम में आगरा के पूर्व जीएसटी कमिश्नर ललन कुमार मुख्य अतिथि तथा सीफी के नेशनल प्रेसिडेंट इन्दर छाबड़ा विशिष्ट अतिथि रहे।
ललन कुमार ने कहा कि तकनीक, गुणवत्ता और पारदर्शी कारोबारी व्यवस्था के साथ फुटवियर उद्योग देश के औद्योगिक विकास और निर्यात में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इन्दर छाबड़ा ने कहा कि निर्माता, बाइंग एजेंट्स और बाजार के बीच बेहतर समन्वय भारतीय फुटवियर उद्योग को घरेलू और वैश्विक बाजार में नई ऊंचाइयों तक ले जा सकता है।

कार्यक्रम में उद्योग और बाजार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभाने वाले बाइंग एजेंट्स को सम्मानित किया गया। इनमें एल.के. चाहर, रवीश पीपल, वरुण कोचर, संजीव तिवारी, दिव्यांशु मित्तल, दलजीत सिंह, सचित कुमार, मुकेश गोस्वामी, पवन शर्मा, सौरव गौतम, वेद प्रकाश यादव, पंकज यादव, अविरल उपाध्याय, रिकी अग्रवाल, राजीव जैन, विकास कुमार, राजेश राणा, इरफान फरीदी, चंद्रवीर सिंह चौहान, पंकज सिंह और अनीत पचौरी शामिल रहे।
मैन्युफैक्चरिंग और निर्यात में योगदान के लिए फैक्ट्री ओनर्स सम्मानित
‘मेक इन इंडिया’ को गति देने, रोजगार के अवसर पैदा करने, राजस्व बढ़ाने, देश में मैन्युफैक्चरिंग को मजबूत करने और निर्यात लक्ष्यों को हासिल करने में योगदान देने वाले फैक्ट्री ओनर्स को भी सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने कहा कि इन उद्यमियों का योगदान भारतीय फुटवियर उद्योग की उत्पादन एवं निर्यात क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण है।
चाइना पवेलियन में भी दिखी उद्यमियों की विशेष रुचि
फेयर के हॉल-बी स्थित चाइना पवेलियन में चीन से आए प्रदर्शकों द्वारा प्रस्तुत फुटवियर कंपोनेंट्स, मटेरियल्स और मशीनरी आकर्षण का केंद्र रहे। भारतीय उद्यमियों ने यहां आधुनिक तकनीकों की जानकारी लेने के साथ सोर्सिंग, तकनीकी सहयोग और भविष्य की कारोबारी संभावनाओं पर चर्चा की।

एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि ‘मीट एट आगरा’ का उद्देश्य केवल नई तकनीक प्रदर्शित करना नहीं, बल्कि उसे उद्योग की वास्तविक जरूरतों और कारोबार से जोड़ना है। एफमेक कन्वीनर पूरन डावर ने कहा कि भारतीय फुटवियर उद्योग को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए तकनीक, गुणवत्ता, डिजाइन और बाजार की जरूरतों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
फेयर ऑर्गनाइजिंग कमेटी की चेयरमैन माला खेड़ा ने कहा कि दूसरे दिन बिजनेस विजिटर्स की उत्साहजनक भागीदारी और प्रदर्शकों के साथ सीधे संवाद ने फेयर को वास्तविक कारोबारी मंच के रूप में मजबूत किया है।
दूसरे दिन के आंकड़े
कुल विजिटर्स : 8,126
पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स : 3,749
भावी उद्यमी : 576

आज अंतिम दिन, सुबह 10 से शाम 6 बजे तक खुलेगा फेयर
तीन दिवसीय 18वें ‘मीट एट आगरा’ का सोमवार को अंतिम दिन है। आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में फेयर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक विजिटर्स के लिए खुला रहेगा। इस दौरान फुटवियर उद्योग से जुड़े कारोबारियों और उद्यमियों को नई तकनीक, मशीनरी, कंपोनेंट्स और मटेरियल्स से रूबरू होने का अंतिम अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर एफमेक के उपाध्यक्ष राजीव वासन एवं राजेश सहगल, महासचिव प्रदीप वासन, सचिव अनिरुद्ध तिवारी, कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा और पूर्व अध्यक्ष कैप्टन एएस राणा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video





Subscribe to my channel


