अर्जुन रौतेला आगरा। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास, सहयोग, प्रेम और भाईचारे की भावना विकसित करने के उद्देश्य से वार्षिक रात्रि शिविर का आयोजन किया गया। 3 अक्टूबर की दोपहर से 4 अक्टूबर की सुबह तक चले शिविर में नर्सरी से कक्षा 10 तक के करीब 465 विद्यार्थियों ने अभिभावकों के बिना विद्यालय परिसर में रात्रि प्रवास किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा सहजपाल, शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों, नर्स और सुरक्षा कर्मियों ने विद्यार्थियों की देखरेख की।

शिविर का शुभारंभ तैराकी प्रतियोगिता ‘पूल बैश’ से हुआ। नर्सरी से कक्षा पांच तक के करीब 194 विद्यार्थियों ने पिक अप द बीड्स, पिक अप द केन और फोर कॉर्नर्स जैसी मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं में विजेता विद्यार्थियों को निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, शलभ गुप्ता, प्रधानाचार्या सीमा सहजपाल और अतिथियों श्रीजा गुप्ता व पल्लवी राय ने पुरस्कृत किया।
कक्षा छह से दस के विद्यार्थियों के लिए आयोजित ‘मिनी ओलंपिक’ में रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर, डॉजबॉल और खो-खो जैसी टीम आधारित गतिविधियों ने उत्साह बढ़ाया। छात्र-शिक्षक रस्साकशी मुकाबलों में छात्राओं ने दोनों मैच अपने नाम किए, जबकि छात्रों ने तीन में से दो मुकाबलों में जीत दर्ज की।

गरबा की थाप पर गूंजा एकता और सौहार्द का संदेश
रात्रि शिविर का मुख्य आकर्षण सामूहिक रास गरबा रहा। नर्सरी से कक्षा दस तक के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने रंग-बिरंगे परिधानों में लोक संगीत की धुन पर गरबा किया। सामूहिक नृत्य के माध्यम से विद्यार्थियों ने संस्कृति, एकता और सौहार्द का संदेश दिया। इसके बाद सभी ने सामूहिक भोजन किया। विद्यार्थियों ने भोजन की बर्बादी रोकने के साथ गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में डालकर स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण का संदेश भी दिया।

रात्रि विश्राम से पहले विद्यार्थियों को बोर्नवीटा दूध दिया गया। अगले दिन सुबह योग मुद्राओं और जुम्बा के माध्यम से विद्यार्थियों ने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का अभ्यास किया। पौष्टिक नाश्ते के बाद आयोजित मैजिक शो में 12 वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले जादूगर अखिलेश जैसवाल ने विद्यार्थियों को हैरतअंगेज जादू के खेल दिखाकर मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने जादू को मनोरंजन के साथ जन-जागरूकता और समाजसेवा से जोड़ने का संदेश भी दिया।

कक्षा दस-बी की छात्रा सृष्टि गर्ग ने रात्रि शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी के प्रति आभार जताया। विद्यालय निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई से अलग वास्तविक जीवन के अनुभव देते हैं और उनमें आत्मनिर्भरता, अनुशासन तथा टीम भावना विकसित करते हैं।

शिविर में अतिथियों श्रीजा गुप्ता, पल्लवी राय, डॉ. चीनू अग्रवाल और डॉ. रविंद्र अग्रवाल के साथ विद्यालय निदेशकगण डॉ. सुशील गुप्ता, सुनीता गुप्ता, शलभ गुप्ता, ईशा गुप्ता तथा प्रधानाचार्या सीमा सहजपाल की उपस्थिति रही। प्रमुख समन्वयिका रश्मि गांधी, पायल गर्ग, शालिनी देव सहित शिक्षक एवं कर्मचारियों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video





Subscribe to my channel


