अर्जुन रौतेला आगरा। जनपद आगरा के बल्केश्वर क्षेत्र में स्थित श्री गणेशराम नागर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में बृजवाणी रेडियो चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन कुशलतापूर्वक राखी त्यागी आर जे एवं प्रोग्रामर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. पीयूष जैन (डिप्टी सीएमओ) द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया, जिससे पूरे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।

इसके पश्चात् स्त्री रोग विशेषज्ञ (गायनोकोलॉजिस्ट) डॉ. सुनीता भाटिया ने उपस्थित छात्राओं एवं महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के विषय में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह रोग कैसे उत्पन्न होता है, इसके लक्षण क्या हैं तथा किस प्रकार समय रहते इसकी पहचान और बचाव संभव है? उन्होंने विशेष रूप से किशोरियों में जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया।

इसके बाद डॉ. ज्योति जी ने भी सर्वाइकल कैंसर के प्रभाव, शरीर के प्रभावित अंग तथा इसके उपचार एवं रोकथाम के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि समय पर जांच (Pap Smear/HPV Test) और टीकाकरण से इस रोग से काफी हद तक बचाव संभव है।
आगे बढ़ते हुए डॉ. त्यागी ने HPV वैक्सीन के महत्व को समझाते हुए बताया कि यह टीका किस आयु वर्ग में लगाया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह टीका स्त्री एवं पुरुष दोनों के लिए उपयोगी है और अलग-अलग आयु के अनुसार इसकी खुराक निर्धारित की जाती है।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में कल्याणी पांडे ने मानसिक स्वास्थ्य विषय पर अत्यंत महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगभग 14 वर्ष की आयु से ही बच्चों को अपने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने तनाव, अवसाद एवं अन्य मानसिक समस्याओं के प्रारंभिक लक्षणों को पहचानने तथा उनसे निपटने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।
इसी क्रम में डॉ. सयुज कुमार विश्वास ने भी मानसिक स्वास्थ्य पर अपने विचार साझा करते हुए बच्चों को प्रेरित किया कि वे अपनी समस्याओं को अपने तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने अभिभावकों, शिक्षकों या मित्रों के साथ साझा करें। उन्होंने संवाद को मानसिक तनाव कम करने का सबसे प्रभावी माध्यम बताया तथा अकेलेपन से बचने, खुलकर बातचीत करने और सकारात्मक सोच बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

इस सेमिनार का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना, विशेष रूप से किशोरियों एवं महिलाओं को गंभीर बीमारियों के प्रति सचेत करना तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना था।
अंत में प्रधानाचार्या चारु पटेल ने इस उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video




Subscribe to my channel




