अर्जुन रौतेला, आगरा। राधाष्टमी के पावन अवसर पर सेंट एंड्रूज पब्लिक स्कूल का वातानुकूलित सभागार भक्ति, ध्यान और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। विद्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित ‘ध्यान एवं भजन संध्या’ में भजनों, ध्यान, प्राणायाम और राधा-कृष्ण की मनोहारी झांकी ने ऐसा वातावरण बनाया, मानो ब्रज की आध्यात्मिक आभा विद्यालय परिसर में ही साकार हो उठी हो।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम दास खंडेलवाल, विद्यालय के सीएमडी डॉ. गिरधर शर्मा, सुनीता शर्मा, रश्मि मिश्रा, एमडी प्रांजल शर्मा, अपूर्वा शर्मा, शिवांजल शर्मा, ओशिन शर्मा, प्रधानाचार्या अंशु सिंह एवं उप प्रधानाचार्य अभिषेक क्रिस्टी ने राधा-कृष्ण की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ किया। एमडी ओशिन शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।

इस्कॉन मंदिर से पधारे प्रभु अरविंद जी ने भजन, ध्यान, प्राणायाम एवं मानसिक एकाग्रता के महत्व पर ओजपूर्ण विचार रखे। वहीं आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से रुचिरा ढल ने ध्यान सत्र कराया, जिसमें उपस्थित लोगों ने एकाग्रता और आंतरिक शांति का अनुभव किया।
भजन संध्या में विद्यालय के शिक्षक हर्षित पाठक एवं अमन शर्मा सहित विद्यार्थियों ने भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने विभिन्न वाद्य यंत्रों का कुशल संयोजन करते हुए भक्ति संगीत को प्रभावशाली बनाया। भजनों के दौरान सभागार करतल ध्वनि से गूंजता रहा।

कार्यक्रम में राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण के महारास का मनोहारी मंचन कर सभी का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को ब्रज की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा से जोड़ दिया।
मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम दास खंडेलवाल ने सभी को राधाष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे राधाष्टमी के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होते रहे हैं, लेकिन सेंट एंड्रूज पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत यह आयोजन विशेष रहा। ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को भारतीय संस्कारों और संस्कृति से जोड़ने के साथ ही उन्हें विभिन्न ललित कलाओं में दक्ष बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका भावना दीपक माहेरा ने प्रभावी ढंग से किया। आयोजन में आलोक वैष्णव, जूली दीक्षित, अनुभव बंसल, ऋषभ सिंह, भावना राठौर, एसपी तिवारी, शिखा खंडेलवाल, दीपाली लालवानी, मिनाक्षी, कंगना, स्नेहा सहित विद्यालय के शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video





Subscribe to my channel



