विद्यालय में छात्रों के जीवन से खिलवाड़, बूंद-बूंद पानी को तरस रहा प्राथमिक विद्यालय

आगरा। उत्तर प्रदेश के जनपद आगरा के विकासखंड एत्मादपुर अंतर्गत गांव गढ़ी महाराम स्थित प्राथमिक विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी सामने आई है। विद्यालय में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण मासूम छात्र-छात्राओं को सड़क पार कर पानी पीने जाना पड़ रहा है, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों व अभिभावकों के अनुसार, विद्यालय परिसर में न तो हैंडपंप कार्यशील है और न ही कोई वैकल्पिक जल व्यवस्था। छोटे-छोटे बच्चे प्यास बुझाने के लिए सड़क पार करने को मजबूर हैं, जहां तेज रफ्तार वाहनों का आवागमन बना रहता है। यह स्थिति कभी भी बड़े हादसे को जन्म दे सकती है।
मामले को लेकर जब एबीएसए एत्मादपुर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह प्रकरण उनके संज्ञान में है। उन्होंने ग्राम प्रधान से भी इस विषय में बातचीत की है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। वहीं, एबीएसए ने यह भी कहा कि BDO एतमादपुर से बात कर शीघ्र समाधान कराया जाएगा।

प्रशासनिक उदासीनता के चलते बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से लगातार खिलवाड़ हो रहा है। अभिभावकों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि विद्यालय में तत्काल स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था कराई जाए, ताकि किसी अनहोनी से पहले समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी कब तक इस गंभीर मुद्दे पर ठोस कदम उठाते हैं, या फिर किसी हादसे के बाद ही जागेंगे।
Updated Video




Subscribe to my channel







