अर्जुन रौतेला आगरा। नवजात शिशुओं को माँ का सुरक्षित एवं पोषक दुग्ध उपलब्ध करवा कर उनके जीवन की रक्षा एवं मातृ-दूध के संरक्षण हेतु श्री चंद्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट द्वारा जन सेवा अभियान के तहत एक अनूठे सेवा प्रकल्प के रूप में प्रताप नगर स्थित गर्भाधान संस्कार मेटरनिटी होम परिसर में उत्तर भारत के प्रथम अत्याधुनिक तकनीक युक्त मदर मिल्क बैंक की स्थापना की गई है।
इस ‘मुंशी पन्ना मातृ-शिशु दुग्ध बैंक’ का लोकार्पण 5 मई, मंगलवार को सुबह 10:30 बजे मुख्य अतिथि मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप सिंह द्वारा किया जाएगा।

सोमवार को एसएन मेडिकल कॉलेज के गेस्ट हाउस में उक्त जानकारी प्रदान करते हुए एसएन मेडिकल कॉलेज की स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. शिखा सिंह, लेडी लॉयल हॉस्पिटल की अधीक्षक डॉ. पुष्प लता, बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार, डॉ. सुधा बंसल, श्री चंद्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट के प्रेरणा स्रोत प्रमुख समाजसेवी अशोक कुमार गोयल, संरक्षक मुकेश जैन, अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल द्वारा जन जागरूकता के लिए पोस्टर जारी किया गया।

इस अवसर पर एसएन मेडिकल कॉलेज की स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. शिखा सिंह ने कहा कि यह मदर मिल्क बैंक नवजात शिशुओं के लिए जीवनदाई साबित होगी। इस पहल से कुपोषण में कमी, शिशु मृत्यु दर में सुधार और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य- संरक्षण में अभूतपूर्व सहायता मिलने की उम्मीद है।
लेडी लॉयल हॉस्पिटल की अधीक्षक डॉ. पुष्प लता ने कहा कि यह उत्तर भारत में अपनी तरह की एक महत्वपूर्ण और जनहितकारी पहल है। इसका उद्देश्य नवजात शिशुओं- विशेष कर उन शिशुओं को, जिन्हें माँ का दूध उपलब्ध नहीं हो पाता, उन्हें सुरक्षित एवं पोषक मातृ दुग्ध उपलब्ध करवाना है।

बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार ने समस्त नागरिकों एवं गणमान्य व्यक्तियों से लोकार्पण समारोह में उपस्थित होकर इस अनूठे जन सेवा अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान करते हुए कहा कि यह तकनीकी रूप से उन्नत व्यवस्था उन नवजात शिशुओं के लिए विशेष रूप से जीवनदाई साबित होगी जो समय से पहले जन्मे हैं या जिनकी माताएँ किसी कारणवश स्तनपान कराने में असमर्थ हैं।
डॉ. सुधा बंसल ने सभी माताओं से अनुरोध किया कि वे इस मानवीय पहल में सहयोग करें और जरूरतमंद शिशुओं के जीवन को सुरक्षित बनाने में अपना योगदान दें।
इस अनूठे सेवा प्रकल्प के प्रेरणा स्रोत प्रमुख समाज सेवी अशोक कुमार गोयल ने संचालन किया।

संरक्षक समाज सेवी मुकेश जैन, श्री चंद्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल, मुंशी पन्ना परिवार से श्रीमती कृष्णा गोयल, श्रीमती सुलेखा गोयल, मनोज अग्रवाल, सचिन गोयल, राजकुमार गर्ग, रमेश चंद्र अग्रवाल, राजीव जैन, राकेश अग्रवाल, सीए गौरव गोयल, गौतम सेठ, राजीव गुप्ता, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. नीलम सिंह, अतुल शर्मा, पवन सिंह, डॉ. आरके मिश्रा भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video




Subscribe to my channel




