गुजरात हेड राजेंद्र तिवारी कि खास रिपोर्ट
तापी नदी के पुनर्जीवन हेतु 25 वर्षीय मास्टर प्लान लागू करने की मांग
सूरत, 30 जून 2026। गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के महामंत्री श्री दर्शनकुमार ए. नायक ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री, गुजरात के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री तथा संबंधित विभागों को ज्ञापन भेजकर तापी नदी के पुनर्जीवन के लिए विशेष “तापी रिवर रीजुवेनेशन मिशन” गठित करने और 25 वर्षों का वैज्ञानिक मास्टर प्लान लागू करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि दक्षिण गुजरात की जीवनरेखा मानी जाने वाली तापी नदी आज सीवेज प्रदूषण, जलकुंभी के बढ़ते फैलाव, गाद जमाव, अवैध अतिक्रमण, औद्योगिक प्रदूषण तथा वर्ष 2006 की विनाशकारी बाढ़ के बाद बदले प्राकृतिक प्रवाह जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। करोड़ों रुपये की लागत से बने तापी रिवरफ्रंट के बावजूद कई क्षेत्रों में मानसून के दौरान जलभराव होता है तथा गंदगी और असामाजिक गतिविधियों के कारण नागरिकों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
श्री नायक ने कहा कि तापी नदी के संरक्षण के लिए केवल सफाई अभियान पर्याप्त नहीं है, बल्कि संपूर्ण नदी क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए रिवर बेसिन मैनेजमेंट मॉडल अपनाना आवश्यक है। उन्होंने वर्ष 2006 के बाद नदी के प्रवाह, कटाव, गाद जमाव और फ्लड प्लेन का वैज्ञानिक अध्ययन कराने की भी मांग की।
ज्ञापन में प्रमुख मांगों में “तापी रिवर रीजुवेनेशन मिशन” का गठन, 25 वर्षीय मास्टर प्लान, वैज्ञानिक ड्रेजिंग, जलकुंभी नियंत्रण, ड्रोन एवं GIS आधारित सर्वे, अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, स्मार्ट रिवर मॉनिटरिंग सिस्टम, सीवेज मुक्त तापी अभियान, एसटीपी क्षमता बढ़ाने, स्वतंत्र हाइड्रोलिक ऑडिट तथा ग्रीन कॉरिडोर एवं जैव विविधता क्षेत्रों के विकास जैसी योजनाएं शामिल हैं।
श्री दर्शनकुमार ए. नायक ने कहा कि जिस प्रकार गंगा नदी के लिए समग्र एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाया गया है, उसी प्रकार तापी नदी को भी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर की विशेष परियोजना घोषित कर तत्काल प्रभाव से पुनर्जीवन कार्य शुरू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि तापी नदी का संरक्षण केवल पर्यावरण का विषय नहीं, बल्कि सूरत एवं दक्षिण गुजरात के लाखों नागरिकों की जल सुरक्षा, कृषि, जैव विविधता और आर्थिक विकास से जुड़ा हुआ महत्वपूर्ण मुद्दा है।
टी एन न्यूज़ 24 आवाज जुर्म के खिलाफ गुजरात हेड राजेंद्र तिवारी के साथ राजेश देसाई कि खास रिपोर्ट
Updated Video





Subscribe to my channel




