खुले पंख परिवार का तृतीय गौ सेवा कार्यक्रम सम्पन्न, 2000 किलो सब्जी एवं हरा चारा किया अर्पित

सचिन राजावत आगरा। सामाजिक सरोकारों के लिए निरंतर सक्रिय संस्था खुले पंख परिवार द्वारा रविवार को श्री गौशाला, कर्मयोगी फव्वारे के समीप तृतीय गौ सेवा कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों, समाजसेवियों, युवाओं तथा गौभक्तों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और गौमाता की सेवा को भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए सेवा भाव का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान गौशाला में रह रही गौमाता के लिए लगभग 2000 किलो ताजी सब्जियां एवं हरा चारा, 100 पैकेट ब्रेड तथा बड़ी मात्रा में रोटियां अर्पित की गईं। सभी उपस्थित लोगों ने स्वयं अपने हाथों से गौमाता को चारा खिलाया और गौ सेवा कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे कार्यक्रम का वातावरण भक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता से ओत-प्रोत रहा।

संस्था के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता का विशेष स्थान है। गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि खुले पंख परिवार का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना ही नहीं, बल्कि समाज में सहयोग, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने सभी सहयोगियों, दानदाताओं एवं गौभक्तों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी इसी प्रकार नियमित रूप से गौ सेवा, पर्यावरण संरक्षण और समाजहित के अन्य कार्य करती रहेगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अपनी सामर्थ्य के अनुसार गौ संरक्षण एवं सामाजिक सेवा में योगदान दे। यदि समाज के लोग मिलकर ऐसे प्रयास करें तो न केवल गौशालाओं को सहयोग मिलेगा, बल्कि सेवा और संस्कारों की परंपरा भी सुदृढ़ होगी।
कार्यक्रम के माध्यम से गौ संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सहयोग तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश भी दिया गया। संस्था के सदस्यों ने विशेष रूप से युवाओं और बच्चों से सेवा कार्यों से जुड़ने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राजकुमार जौहरी, निक्की जौहरी, योगेश जैन, आशु गोयल, अनुज मित्तल, आशीष बंसल, अनमोल अग्रवाल, अंकित गोयल, मनन गोयल, शरद, अतुल अग्रवाल, राहुल यादव, अर्चना जैन, रूबी, चंचल, शालिनी, लव अग्रवाल, निधि, नितिन बंसल, सोवरन सिंह, बबली एवं सौरव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं गौभक्त उपस्थित रहे। सभी ने गौ सेवा में सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
Updated Video





Subscribe to my channel




