अर्जुन रौतेला आगरा। गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्यालय में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रबंधिका डॉ. बीना शर्मा एवं प्रधानाचार्या श्रीमती चारू पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में कक्षा 6 एवं 7 की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर लगभग 50 पौधों का वितरण किया गया तथा छात्राओं को पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।
प्रबंधिका डॉ. बीना शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि जिस प्रकार माँ हमें जीवन देती हैं, उसी प्रकार वृक्ष भी जीवन का आधार हैं। उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की भावना को समझाते हुए प्रत्येक छात्रा से पौधे की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्या श्रीमती चारू पटेल ने छात्राओं को वृक्षारोपण विषय पर प्रोजेक्ट तैयार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने निर्देश दिए कि छात्राएँ पौधे के संपूर्ण जीवन चक्र पर आधारित रचनात्मक प्रोजेक्ट तैयार कर विद्यालय में प्रस्तुत करें। साथ ही उन्होंने कहा कि जैसे एक छोटे बच्चे की देखभाल की जाती है, उसी प्रकार लगाए गए पौधों का भी नियमित संरक्षण आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने भी छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया। छात्राओं की सक्रिय सहभागिता एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video





Subscribe to my channel




