किरावली नगर पंचायत बोर्ड बैठक में 5.5 करोड़ के विकास प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास
किरावली। नगर पंचायत किरावली की बोर्ड बैठक सोमवार, 7 सितंबर 2026 को नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्षा श्रीमती प्रवीना सिंह इंदौलिया ने की। बैठक में नगर के विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े करीब 5.5 करोड़ रुपये के विभिन्न प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक में नगर में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। नगर पंचायत अध्यक्षा प्रवीना सिंह इंदौलिया ने बताया कि नागरिकों को पेयजल की समस्या से निजात दिलाने के लिए वार्ड संख्या 3 एवं 14 में पानी की टंकियों का निर्माण कराया गया है, जबकि वार्ड संख्या 1 में पानी की टंकी का कार्य जल्द शुरू होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से नगरवासियों को पीने के लिए मीठा पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
अध्यक्ष ने बताया कि नगर में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए जल निकासी से संबंधित विभिन्न योजनाओं पर तेजी से कार्य कराया जा रहा है। नालों एवं जल निकासी की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में सभासद रामनरेश इंदौलिया ने नगर में गृहकर एवं जलकर से संबंधित प्रस्ताव भी रखा। इसके साथ ही नगर के विभिन्न स्थानों पर महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित किए जाने का प्रस्ताव रखा गया।
मनोनीत सभासद पवन इंदौलिया ने नगर में कराए जा रहे सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों की सराहना करते हुए मौनी बाबा मंदिर पर गेट निर्माण कराए जाने का प्रस्ताव रखा।
बैठक में अधिशासी अधिकारी अरुण कुमार यादव, अवर अभियंता (जल) मोहित वार्ष्णेय,वरिष्ठ सभासद प्रेम सिंह इंदौलिया,पवन इंदौलिया,गीतम सिंह, कमलेश देवी, गुलाब देवी, बेताल सिंह, लालबहादुर, प्रमोद गोयल, लक्ष्मीकांत शुक्ला, रामनरेश इंदौलिया, दानिश कुरैशी, योगेंद्री देवी, ममता सिंघल, शहीदो, रिहाना, हरपाल सिंह इंदौलिया सहित अन्य सभासद एवं लिपिक सत्यभान सिंह मौजूद रहे।
Updated Video





Subscribe to my channel

