अर्जुन रौतेला आगरा। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में सोमवार को जन्माष्टमी पर्व एवं शिक्षक दिवस समारोह श्रद्धा, उल्लास और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जहां भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं ने वातावरण को भक्तिमय बनाया, वहीं शिक्षकों के प्रति विद्यार्थियों ने सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।

जन्माष्टमी समारोह का शुभारंभ विशेष प्रार्थना सभा से हुआ। कक्षा 11 के कैफ़ शम्सी एवं देवांशी सिंह ने मंच संचालन किया। कक्षा 12 की छात्रा पवित्रा बंसल ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन और उनकी शिक्षाओं के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, श्रीमती सुनीता गुप्ता एवं प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा सहजपाल ने भगवान श्रीकृष्ण का पूजन किया। आरती की मधुर धुन से सभागार भक्तिमय हो उठा।

नवांकुर विंग के नन्हे विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि एंड्रोमेडा हाउस के विद्यार्थियों ने कृष्ण लीला पर आधारित लघु नृत्य नाटिका के माध्यम से श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों को सजीव किया। मटकी फोड़ कार्यक्रम ने समारोह में उत्साह और उमंग भर दी। निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि श्रीकृष्ण द्वारा गीता में दिए गए उपदेश आज भी सभी के लिए अनुकरणीय हैं और उनका जीवन हमें बेहतर जीवन जीने की प्रेरणा देता है। प्रसाद वितरण के साथ जन्माष्टमी समारोह का समापन हुआ।

इसके बाद ‘देशी ब्लिंग : सेलिब्रेटिंग विजडम इन स्टाइल’ थीम पर शिक्षक दिवस समारोह आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छात्रा प्रमुख अर्शिया मखीजा एवं प्रेम गजाला ने शिक्षक दिवस के महत्व और शिक्षकों की भूमिका पर विचार रखे। निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, श्रीमती सुनीता गुप्ता, प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा सहजपाल एवं मुख्य शैक्षणिक संयोजिका ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को पुष्पांजलि अर्पित की।
प्रधानाचार्या ने शिक्षकों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं। विद्यार्थियों ने नृत्य प्रस्तुतियों और आधुनिक बॉलीवुड स्किट से कार्यक्रम में रंग भर दिया। छात्रों ने शिक्षकों को गरिमामयी उपाधियों से सम्मानित किया और उनके लिए मनोरंजक खेल भी आयोजित किए।

निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज की आधारशिला हैं और वे देश के भावी कर्णधारों को शिक्षा के साथ संस्कार भी प्रदान करते हैं। छात्र परिषद के डिप्टी हेड बॉय श्लोक सेठ ने आभार व्यक्त किया।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video





Subscribe to my channel

