अर्जुन रौतेला आगरा। आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में शनिवार को फुटवियर कंपोनेंट्स, मटीरियल्स, मशीनरी और आधुनिक तकनीक को समर्पित 18वें अंतरराष्ट्रीय ‘मीट एट आगरा’ का शुभारंभ हुआ। उत्तर प्रदेश स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ घंटा और शंख ध्वनि के बीच फेयर का उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मनोज कुमार सिंह ने कहा कि आगरा का लेदर एवं फुटवियर उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था, निर्यात और रोजगार में महत्वपूर्ण योगदान देता है। वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर में उद्योग को नई तकनीक, गुणवत्ता, डिजाइन, उत्पादकता और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने बताया कि लेदर सेक्टर से जुड़ी समस्याओं और चुनौतियों के समाधान के लिए उनके नेतृत्व में एक समिति गठित की गई है। उद्यमी अपनी नीतिगत एवं व्यावहारिक समस्याओं के साथ समाधान संबंधी सुझाव भी समिति के समक्ष रख सकते हैं। संबंधित विभागों के समन्वय से समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।

एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि 18 वर्षों की यात्रा में ‘मीट एट आगरा’ अब केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि तकनीक, व्यापार और नए अवसरों का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। इसका उद्देश्य आगरा के फुटवियर उद्योग को विश्व की आधुनिक तकनीक, नए मटीरियल्स और मशीनरी से जोड़ना है, ताकि उत्पादन और गुणवत्ता में वृद्धि के साथ वैश्विक प्रतिस्पर्धा को मजबूत किया जा सके।

डीसीएफएलआई के चेयरमैन एवं एफमेक कन्वीनर पूरन डावर ने कहा कि आगरा में ‘वर्ल्ड कैपिटल ऑफ फुटवियर’ बनने की क्षमता है। उन्होंने तकनीक, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा और नीतिगत सहयोग पर जोर देते हुए कहा कि फुटवियर शिक्षा की शुरुआत आगरा से होनी चाहिए। उन्होंने ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ को ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट-वन एजुकेशन’ से जोड़ने का सुझाव दिया।

इस वर्ष फेयर में भारत सहित अर्जेंटीना, फ्रांस, ब्राजील, चीन, जर्मनी, इटली, पुर्तगाल, स्पेन, ताइवान और वियतनाम समेत 11 देशों की सहभागिता है। विशेष रूप से चाइना पवेलियन आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। विदेशी प्रतिनिधियों की मौजूदगी से तकनीकी आदान-प्रदान और कारोबारी साझेदारियों के नए अवसर सामने आए हैं।

समारोह में फुटवियर एवं कंपोनेंट्स उद्योग में योगदान के लिए उत्कृष्टता सम्मान भी प्रदान किए गए। मीनाक्षी कालसी को सर्वश्रेष्ठ महिला उद्यमी, तान्या निर्झरा को युवा उद्यमी, श्वेता आर्या को कंपोनेंट्स क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ महिला उद्यमी और उज्ज्वल सचदेवा को सर्वश्रेष्ठ पुरुष उद्यमी सम्मान मिला। निर्यात उत्कृष्टता सम्मान गुप्ता एच.सी. ओवरसीज (आई) प्रा. लि., मेट्रो एंड मेट्रो और लाइनर शूज प्रा. लि. को दिया गया। वहीं वीरेंद्र कुमार महाजन को लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान से सम्मानित किया गया।

फेयर के पहले दिन ही 4,211 विजिटर्स पहुंचे। इनमें 1,938 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स तथा 437 विद्यार्थी और भावी उद्यमी शामिल रहे। तीन दिवसीय ‘मीट एट आगरा’ 5 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video





Subscribe to my channel




