अर्जुन रौतेला आगरा। नई तकनीक, आधुनिक मशीनरी, कारोबारी संपर्कों और वैश्विक साझेदारी की संभावनाओं के साथ 18वें ‘मीट एट आगरा’ का सोमवार को आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में समापन हुआ। तीन दिवसीय फुटवियर ट्रेड फेयर में कुल 21,147 विजिटर्स पहुंचे। आयोजकों के आकलन के अनुसार, मेले ने करीब 21 हजार करोड़ रुपये के संभावित कारोबारी अवसरों की आधारशिला तैयार की है।

फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैम्बर (एफमेक) द्वारा आयोजित मेले में 10,115 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स तथा 1,940 विद्यार्थी एवं भावी उद्यमियों ने सहभागिता की। कुल 224 स्टॉल्स पर फुटवियर कंपोनेंट्स, मटेरियल्स, मशीनरी और औद्योगिक सेवाओं का प्रदर्शन किया गया। अंतिम दिन ही 8,810 विजिटर्स पहुंचे, जिनमें 4,428 बिजनेस विजिटर्स शामिल रहे। विभिन्न स्टॉल्स पर उत्पादों की तकनीकी विशेषताओं, गुणवत्ता, सोर्सिंग और आपूर्ति को लेकर खरीदारों व प्रदर्शकों के बीच चर्चा हुई।

पिछले साल से बढ़ी कारोबारी सहभागिता
वर्ष 2025 के मुकाबले इस बार फेयर में कारोबारी सहभागिता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। पिछले संस्करण में 19,420 कुल विजिटर्स और 8,390 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स पहुंचे थे, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा क्रमशः 21,147 और 10,115 रहा। संभावित कारोबार का अनुमान भी 18,500 करोड़ रुपये से बढ़कर 21,000 करोड़ रुपये पहुंच गया।

एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि फेयर ने निर्माताओं को नई तकनीक और बाजार की बदलती जरूरतों से जोड़ने का अवसर दिया है। यहां बने कारोबारी संपर्क भविष्य में नई साझेदारियों और कारोबार का आधार बनेंगे। पूर्व अध्यक्ष कैप्टन एएस राणा ने कहा कि वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा बनाए रखने के लिए उद्योग को गुणवत्ता, डिजाइन और उत्पादकता पर लगातार काम करना होगा।
उपाध्यक्ष राजीव वासन ने मशीनरी और मटेरियल्स के प्रदर्शन को उत्पादन प्रक्रिया बेहतर बनाने में उपयोगी बताया। उपाध्यक्ष राजेश सहगल ने कहा कि निर्माताओं और आपूर्तिकर्ताओं के सीधे संवाद से गुणवत्ता और आपूर्ति संबंधी जरूरतों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिली। महासचिव प्रदीप वासन ने फेयर के दौरान बने कारोबारी संपर्कों को आगे ठोस परिणामों में बदलने पर जोर दिया।

हॉल-बी स्थित चाइना पवेलियन में उद्यमियों ने चीनी प्रदर्शकों से फुटवियर कंपोनेंट्स, मटेरियल्स और मशीनरी की जानकारी ली। तकनीकी समाधानों ने निर्माताओं को अपनी उत्पादन आवश्यकताओं के अनुरूप नए विकल्प तलाशने का अवसर दिया। इस वर्ष चीन से आठ प्रदर्शकों ने भागीदारी की। चीनी प्रतिनिधियों ने मेले के अनुभव को उत्साहजनक बताते हुए अगले वर्ष बड़ी भागीदारी की इच्छा जताई।

समापन समारोह में उत्पादों, नवाचार और स्टॉल प्रस्तुति के लिए पांच श्रेणियों में सात प्रदर्शकों को सम्मानित किया गया। बेस्ट पॉलिमर्स एंड केमिकल्स का सम्मान केएलजे पॉलिमर्स एंड केमिकल्स के सौरभ गुप्ता एवं विनय गुप्ता, बेस्ट लेदर प्रोडक्ट्स का सम्मान बसंत एंटरप्रेन्योर प्रा. लि. के प्रणव मित्तल और बेस्ट मशीनरी स्टॉल का सम्मान पायनियर टेक स्टेप लिंकर्स के कपिल धवन को मिला।
बेस्ट इनोवेटिव प्रोडक्ट श्रेणी में संदीप रबर (आई) इंडस्ट्रीज के संजय गुप्ता तथा नवकार टेकटेक्स प्रा. लि. के श्रेयांश बोथरा को सम्मानित किया गया। बेस्ट एग्जिबिटर अवार्ड स्टक केमिकल्स प्रा. लि. के शैलेश पाठक तथा श्रॉफ सेल्स कॉरपोरेशन के निमित श्रॉफ एवं सौरभ श्रॉफ को प्रदान किया गया।

2027 में 2 से 4 अक्टूबर तक होगा अगला संस्करण
समापन अवसर पर एफमेक ने ‘मीट एट आगरा’ के 19वें संस्करण की तारीखों की घोषणा भी की। मीट एट आगरा 2027 का आयोजन 2, 3 और 4 अक्टूबर को आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में होगा। एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि अगले संस्करण में चीन के साथ-साथ अन्य देशों से भी प्रदर्शकों और उद्योग प्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि आयोजन को और व्यापक अंतरराष्ट्रीय मंच दिया जा सके।

इस अवसर पर फेयर ऑर्गनाइजिंग कमेटी की चेयरमैन माला खेड़ा, सचिव अनिरुद्ध तिवारी, कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा, सीफी के प्रदेश अध्यक्ष ओपिंदर लवली, महासचिव नकुल मनचंदा आदि मौजूद रहे। व्यवस्थाओं में एफमेक के संकल्प अग्रवाल, सीसीएलए के अजय शर्मा, बृजेश शर्मा और मुनेंद्र सिंह ने जिम्मेदारी संभाली।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video





Subscribe to my channel


