अर्जुन रौतेला आगरा। साहित्य, संस्कृति और सामाजिक चेतना के अनूठे संगम में शनिवार को एमजी रोड स्थित यूथ हॉस्टल में ‘नमस्ते आगरा’ अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। देश के विभिन्न शहरों से पहुंचे कवियों और कवयित्रियों ने अपनी ओजपूर्ण, भावपूर्ण, हास्य-व्यंग्य और प्रेरणादायक रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे आयोजन में स्वाभिमान, सामाजिक समरसता, मानवीय संवेदना और इंसानियत का संदेश प्रमुखता से गूंजता रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मेयर हेमलता दिवाकर ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन राजेश प्रतापगढ़ी ने किया। कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक विसंगतियों, सांस्कृतिक विरासत, मानवीय मूल्यों और समाज में सकारात्मक बदलाव की आवश्यकता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

डॉ. त्रिमोहन शाक्य ‘तरल’ ने आंसुओं के महत्व और मानवीय संवेदनाओं को अपनी पंक्तियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। प्रेमचंद शाक्य (मैनपुरी) ने भगवान बुद्ध के विचारों को प्रस्तुत करते हुए कहा कि कंकड़-पत्थर और शूल हटाकर सदैव अच्छी राह पर चलना चाहिए। उन्होंने आम्रपाली और वैशाली के प्रसंगों के माध्यम से सामाजिक चेतना का संदेश दिया।

हरिओम सिंह ‘विमल’ ने पूर्वजों के गौरव और स्वाभिमान को अपनी ओजपूर्ण रचनाओं में पिरोया। वहीं डॉ. निर्दोष कुमार ‘प्रेमी’ ने हास्य-व्यंग्य की प्रस्तुतियों से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। अन्य कवियों ने भी अपनी रचनाओं के माध्यम से साहित्यिक वातावरण को जीवंत बनाए रखा।

कवि सम्मेलन में डॉ. लालाराम मौर्य ‘पल्लव’ (कासगंज), डॉ. राधा शाक्य (कानपुर), डॉ. नरेंद्र कुमार ‘संगम’ (मैनपुरी), रामानंद सागर (अयोध्या), डॉ. पुष्पा पल्लवी, डॉ. अजय अटल, विवेक कुशवाह (धौलपुर), मंजू शाक्य (दिल्ली), हर्ष कुमार शाक्य (दिल्ली), विनीता कुशवाह ‘महक गोंडवी’ (अयोध्या), रवि कुशवाह (ललितपुर), शिवशंकर कुशवाह ‘कुशाग्र’ (आगरा), अयोध्या प्रसाद मौर्य (पंजाब), शिव भानु कृष्णा (अमेठी), रंजीता ‘समृद्धि कुशवाह’ (प्रयागराज), दीपशिखा, अनिल कुमार ‘निलय’ (चित्रकूट), नीलेश मौर्य ‘निडर’ (फतेहपुर), रीता सिंह, नाहर शाक्य (आगरा), धनंजय कुशवाह (बिहार) सहित अनेक रचनाकारों ने काव्य पाठ किया।

समापन अवसर पर ‘नमस्ते आगरा’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजीव रत्न मौर्य ने अतिथियों, कवियों और श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि रविवार, 1 नवंबर को सूर सदन प्रेक्षागृह में ‘नमस्ते आगरा स्वर्णिम भविष्य सम्मेलन’ के अंतर्गत ‘प्रबुद्ध भारत महासंसद-2026’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें शिक्षा, सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण, युवा नेतृत्व, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर राष्ट्रीय स्तर पर विचार-विमर्श होगा।

कार्यक्रम की व्यवस्थाएं गया प्रसाद मौर्य ‘रजत’ सहित टीम नमस्ते आगरा के सदस्यों ने संभालीं।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video





Subscribe to my channel




