अर्जुन रौतेला, आगरा। अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर पीएनसी परिवार की ओर से डी-ब्लॉक, कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर के सामने आयोजित नौ दिवसीय सिद्धचक्र महामंडल विधान के चौथे दिन शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण रहा। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान विधान मंडल पर 32 अर्घ्य समर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर शक्ति और सामर्थ्य प्राप्त होने की मंगलकामना की गई। साथ ही देश और विश्व में शांति, समृद्धि एवं सद्भावना की प्रार्थना की गई।

मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज, मुनिश्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनिश्री सुप्रभात सागर जी महाराज के ससंघ मंगल सान्निध्य तथा युगल प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं डॉ. आकाश जैन के निर्देशन में श्रद्धालुओं ने भगवान आदिनाथ की प्रतिमाओं का अभिषेक एवं शांतिधारा की। इसके बाद विधि-विधान से पूजन कर अष्ट द्रव्यों के साथ 32 अर्घ्य अर्पित किए।

भोपाल से आई लोकेश जैन एंड पार्टी ने मधुर जैन भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भक्ति गीतों की धुन पर महिलाएं एवं युवा श्रद्धालु जमकर झूमे और नृत्य कर आयोजन स्थल को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान पीएनसी परिवार के सदस्यों को मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज के चरण प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। बाहर से आए अतिथियों का प्रदीप जैन एवं राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने माला और मुकुट पहनाकर स्वागत किया।

मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज ने प्रवचन में धर्म और संयम को जीवन का आधार बताया। उन्होंने कहा कि जीवन की गति जितनी तेज होती है, उसे संभालने के लिए उतना ही संयम आवश्यक है। जीवन एक तेज रफ्तार वाहन की तरह है, जिसमें धर्म स्टीयरिंग और संयम ब्रेक का कार्य करता है। धर्म जीवन को सही दिशा दिखाता है, जबकि संयम गलत मार्ग पर जाने से बचाता है। धर्म केवल धार्मिक क्रियाएं करने तक सीमित नहीं, बल्कि सही और गलत का विवेक विकसित करने का मार्ग है। जीवन में गति के साथ सही दिशा और नियंत्रण होना भी जरूरी है।

राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उनका राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। इस विधान के माध्यम से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की जा रही है। उन्होंने कहा कि जैन धर्म के अहिंसा, अपरिग्रह, संयम और विश्व बंधुत्व के सिद्धांत संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

सायंकाल भगवान की प्रतिमाओं की भव्य संगीतमय मंगल आरती हुई। इसके बाद रात आठ बजे कवि मयूर जैन, दिल्ली ग्रुप के निर्देशन में भव्य इंद्रसभा का मंचन किया गया। इसमें सौधर्म इंद्र की भूमिका राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने निभाई। स्वर्गाधिपति देवराज इंद्र के भव्य दरबार की आकर्षक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

विधान का संचालन मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल कर रहे हैं। आयोजन में पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन पीएनसी, नवीन जैन, चक्रेश जैन, योगेश जैन, वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, अभिषेक जैन, प्रतीक जैन, निर्मल जैन, उमेश जैन, ऋषभ जैन, मीना जैन, रेनू जैन, माधवी जैन, आशिता जैन, ईशू जैन, निधि जैन, सलोनी जैन, पलक जैन, मिताक्षरा जैन, मुन्नी जैन, रश्मि जैन, उषा जैन, प्रियंका जैन, हिना जैन, अंकिता जैन, आयुषी जैन, नेहा जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन एवं राहुल जैन सहित जैन समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video





Subscribe to my channel



