*कर्मयोगी एनक्लेव कमला नगर बना रामनगरी, हर दिन बढ़ रही श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की धूम..*
*कर्मयोगेश्वर मंदिर में 20 जनवरी से नौ दिन तक अविरल बहेगी राम कथा की पुण्य दायी गंगा, राम भक्तों ने आमंत्रण पत्र किया जारी*
आगरा। आजकल कमला नगर का कर्मयोगी एनक्लेव क्षेत्र रामनगरी ही बन गया है। वहां अयोध्या धाम में चल रहे रामलीला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की धूम हर दिन बढ़ रही है।
उल्लेखनीय है कि अयोध्या धाम में चल रहे श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव हेतु कर्मयोगी एनक्लेव वेलफेयर सोसाइटी कमला नगर के संयोजन में सीताराम परिवार द्वारा कर्मयोगी एनक्लेव स्थित कर्मयोगेश्वर मंदिर में 20 जनवरी से श्री राम कथा का नौ दिवसीय दिव्य और विशाल आयोजन किया जा रहा है।
लंगड़े की चौकी हनुमान मंदिर के पूज्य महंत श्री गोपी गुरु जी के सुपुत्र भरत उपाध्याय जी हर दिन दोपहर 2:00 से शाम 5:00 बजे तक भगवान राम के जीवन से जुड़े प्रेरक और मार्मिक प्रसंगों का भाव प्रवण वर्णन करेंगे।
कथा के निमित्त कथा से पूर्व 20 जनवरी को शालीमार एंक्लेव मंदिर से सुबह 10:00 बजे मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी। कथा समापन पर 28 जनवरी को दोपहर 2:00 बजे कथा स्थल पर पूर्णाहुति एवं भंडारा (प्रसादी) का आयोजन किया जाएगा।
बुधवार को कर्मयोगी स्थित सोसायटी के कार्यालय पर राम भक्तों द्वारा जन जागरूकता की दृष्टि से कार्यक्रम की उक्त जानकारी प्रदान करते हुए राम कथा का आमंत्रण पत्र विमोचन करके जारी किया गया और सभी राम भक्तों से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की पुण्य दायी कथा सपरिवार सुनकर जीवन सफल बनाने की अपील भी की गई।
इस दौरान लंगड़े की चौकी के मंदिर महंत गोपी गुरु, उनके सुपुत्र राम कथा वाचक भरत उपाध्याय, कर्मयोगी की पार्षद कंचन बंसल, सोसायटी के अध्यक्ष पवन बंसल, बल्केश्वर- लोहिया नगर की पार्षद पूजा बंसल, भाजपा बल्केश्वर मंडल के अध्यक्ष गिर्राज बंसल, कर्मयोगेश्वर मंदिर के अध्यक्ष विजय रोहतगी, सचिव ओमप्रकाश अग्रवाल, श्याम सुंदर सिंघल, जीतू अग्रवाल, डीसी गोयल, शिवानी अग्रवाल, वरिष्ठ नागरिक कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष एके गुप्ता, अजय अग्रवाल, एसके वर्मा, संजय गुप्ता, हरीश गोयल, अंकित बंसल, संजय अग्रवाल (तोता भाई), विजय अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल और महीप सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
*आज निकलेगी विशाल आमंत्रण यात्रा*
कर्मयोगी एनक्लेव वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष पवन बंसल और कर्मयोगी की पार्षद श्रीमती कंचन बंसल ने संयुक्त रूप से बताया कि श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के लिए पूरे कमला नगर क्षेत्र में राम भक्तों का जोश चरम पर है। इसी श्रद्धा और जोश के साथ आयोजित राम कथा में अधिक से अधिक राम भक्तों की सहभागिता के मनोभाव से 18 जनवरी, गुरुवार को सुबह 10:00 बजे श्री राम चौक कमला नगर से विशाल आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी।
Updated Video




Subscribe to my channel







