हिरणपुर (पाकुड़)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की जिला स्तरीय बैठक शनिवार को रानीपुर स्थित विवाह भवन में संपन्न हुई। जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में महिला आरक्षण बिल और उसमें पिछड़ा वर्ग की महिलाओं की भागीदारी को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया गया।
केंद्र सरकार फैला रही है झूठ: सुनील साहू
बैठक को मुख्य रूप से संबोधित करते हुए पार्टी के पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील साहू ने कहा कि महिला आरक्षण बिल 2023 में जब लोकसभा में पारित हुआ था, तब राजद सहित तमाम विपक्षी दलों ने इसका समर्थन किया था ताकि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिल सके। हालांकि, उस वक्त विपक्ष ने इसमें ओबीसी महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रस्ताव रखा था, जिसे केंद्र की भाजपा सरकार ने अनसुना कर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अब इस बिल में संशोधन के नाम पर परिसीमन बिल को जोड़कर इसे लटकाना चाहती है। साहू ने कहा, “हम पहले महिला आरक्षण अधिनियम को लागू करने के पक्षधर हैं, परिसीमन पर चर्चा बाद में होनी चाहिए। केंद्र सरकार इस मुद्दे पर पूरे देश में झूठ फैला रही है।”
आंदोलन की चेतावनी
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर चुप नहीं बैठेगी। सभी जिलों में बैठकों के माध्यम से जनता को जागरूक किया जा रहा है और बहुत जल्द राजद धरना-प्रदर्शन के साथ उग्र आंदोलन शुरू करेगी।
बैठक में इनकी रही मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण बैठक में पाकुड़ जिले के सभी प्रखंडों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान जिला सचिव हजरत शेख, मनोज मड़ैया, विनोद ठाकुर, लाल मरांडी सहित कई प्रमुख पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Updated Video




Subscribe to my channel





