राष्ट्रीय खेल दिवस पर सेंट फ्रांसिस कॉन्वेंट स्कूल में क्रॉस कंट्री दौड़, 400 से अधिक बच्चों-अभिभावकों ने लिया हिस्सा
अर्जुन रौतेला आगरा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सोमवार को सेंट फ्रांसिस कॉन्वेंट स्कूल, सिकंदरा में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की स्मृतियों को नमन करते हुए पांच किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया। “Stride for Peace, Lead with Values” थीम पर आयोजित दौड़ का शुभारंभ प्रातः छह बजे स्कूल की प्रधानाचार्य सिस्टर प्रिंसी और मैनेजर सिस्टर डेजी ने फ्लैग ऑफ कर किया।

दौड़ स्कूल परिसर से शुरू होकर यूपीएसआईडीसी रोड स्थित बेस्ट प्राइस पुल के नीचे से यू-टर्न लेकर पुनः स्कूल परिसर में समाप्त हुई। इसमें कक्षा पांच से दस तक के करीब 300 छात्र-छात्राओं के साथ 100 से अधिक अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान ऑडियो के माध्यम से मेजर ध्यानचंद के जीवन और उनकी खेल उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया।

प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग में प्रत्येक कक्षा के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के साथ दो-दो सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए। अभिभावक वर्ग में भी विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के सभी पुरस्कार सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा प्रायोजित किए गए।

मुख्य अतिथि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के रीजनल ऑफिस आगरा के चीफ मैनेजर केशव सिन्हा ने बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी क्षमताओं का निरंतर विकास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयासों से माता-पिता, विद्यालय, समाज, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। विशिष्ट अतिथि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया सिकंदरा के मैनेजर विक्रम पाटी राव ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रधानाचार्य सिस्टर प्रिंसी ने अपने संबोधन में बच्चों को शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सोच-समझकर निर्णय लेते हुए आगे बढ़ना और नैतिक मूल्यों के साथ नेतृत्व करना आवश्यक है। उन्होंने दौड़ के उद्देश्य के अनुरूप शांति के लिए खड़े होने और समाज का मूल्यों के साथ नेतृत्व करने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता का संचालन शिक्षिका सोनिया कपूर ने किया। शारीरिक शिक्षा विभाग के पवन सिंह, नीतू सिंह और संदीप सिंह के मार्गदर्शन में दौड़ संपन्न हुई। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और सहयोगी सदस्यों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

विजेता रहे प्रतिभागी:
कक्षा पांच में बालक वर्ग में संस्कार और बालिका वर्ग में वैष्णवी सिंह, कक्षा छह में विराट राठौर और यति चाहर, कक्षा सात में आरव पाराशर और सिद्धिका चौहान, कक्षा आठ में आदित्य सिंह और दिव्यांशी, कक्षा नौ में अक्षत मिश्रा और एंजेल तथा कक्षा दस में विशाल और अनवी शर्मा ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अभिभावक वर्ग में अमित गोस्वामी (पिता) और पायल उप्रेती (माता) विजेता रहे।
Updated Video





Subscribe to my channel



