गुजरात प्रदेश हेड राजेंद्र तिवारी कि खास रिपोर्ट
दिवाली से पहले सूरत के टेक्सटाइल उद्योग में बढ़ा तनाव, 15% जॉबवर्क बढ़ोतरी के विरोध में व्यापारियों में आक्रोश
सूरत: दिवाली एवं दुर्गापूजा के पीक सीजन के बीच सूरत के कपड़ा उद्योग में व्यापारियों और डाइंग-प्रिंटिंग मिलों के बीच जॉबवर्क दरों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। प्रोसेसर्स द्वारा महज तीन दिनों की अवधि में जॉबवर्क में 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी किए जाने के विरोध में कपड़ा व्यापारियों में भारी नाराजगी है।
इस मुद्दे को लेकर फोस्टा बोर्डरूम में शहर के विभिन्न कपड़ा मार्केट के जोन प्रमुखों, पदाधिकारियों एवं अग्रणी व्यापारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने मौजूदा परिस्थितियों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए मिलों के खिलाफ कड़े कदम उठाने के सुझाव दिए।
व्यापारियों की ओर से मिलों में ग्रे कपड़ा नहीं भेजने तथा बढ़ी हुई दरों पर प्रोसेसर्स द्वारा माल की डिलीवरी स्वीकार नहीं करने जैसे बहिष्कार के सुझाव सामने आए।
बैठक में व्यापारियों ने आरोप लगाया कि सूरत की अधिकांश डाइंग-प्रिंटिंग मिलों ने वर्तमान जॉबवर्क दरों में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं की है और न ही इस संबंध में कोई सार्वजनिक पत्र जारी किया है। ऐसे में कुछ मिलों द्वारा मनमाने तरीके से दरों में बढ़ोतरी किए जाने से बाजार का माहौल प्रभावित हो रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि एकतरफा 15 प्रतिशत अतिरिक्त बोझ व्यापारियों पर डालना किसी भी स्थिति में न्यायसंगत नहीं है, विशेषकर ऐसे समय में जब दिवाली का सीजन व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
दो जोन के साथ बैठक के बाद होगा अंतिम निर्णय
फोस्टा द्वारा बुधवार को पहले दो जोन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर व्यापारियों की राय जानी गई। बैठक में व्यापारियों ने आवश्यकता पड़ने पर कामकाज रोकने तक की तैयारी जताई।
गुरुवार को शेष दो जोन के व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद सभी व्यापारियों के सुझाव एवं सहमति के आधार पर फोस्टा द्वारा मिलों के संबंध में अंतिम एवं निर्णायक निर्णय की घोषणा किए जाने की संभावना है।
व्यापारियों का कहना है कि जॉबवर्क में अचानक की गई बढ़ोतरी का सीधा असर कपड़ा व्यापार पर पड़ेगा और इससे आगामी त्योहारी सीजन में व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ आएगा। वहीं, व्यापारियों के अंतिम निर्णय के बाद फोस्टा द्वारा उनके साथ खड़े रहने की बात कही गई है।
टी एन न्यूज़ 24 आवाज जुर्म के खिलाफ गुजरात हेड राजेंद्र तिवारी के साथ राजेश देसाई कि खास रिपोर्ट
Updated Video





Subscribe to my channel




