अर्जुन रौतेला आगरा। सिख धर्म के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी महाराज के 350वें शहीदी शताब्दी वर्ष की संपूर्णता के अवसर पर 29 नवंबर रविवार को विशाल तिलक-जंजू रक्षक यात्रा निकाली जाएगी। गुरुद्वारा गुरु का ताल और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के संयुक्त आयोजन में निकलने वाली यह यात्रा आगरा से प्रारंभ होकर दिल्ली के चांदनी चौक स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा शीशगंज साहिब पर संपन्न होगी।

यात्रा में शामिल होने के लिए शनिवार शाम से ही दिल्ली की संगत का आगरा पहुंचना शुरू हो गया। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से लगभग 20 बसों और 100 कारों का काफिला आगरा पहुंचा। बाहर से आई संगत के ठहरने की व्यवस्था गुरुद्वारा गुरु का ताल में की गई है। रविवार सुबह नौ बजे आगरा और दिल्ली की संगत संयुक्त रूप से विशाल नगर कीर्तन के रूप में रवाना होगी।

यात्रा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज का स्वरूप विशेष पालकी में सुशोभित रहेगा। इसके साथ गुरु महाराज के शस्त्र, चरण पादुकाएं एवं अन्य ऐतिहासिक निशानियां विशेष वाहन में सजाई गई हैं, जिनके संगत दर्शन कर सकेंगे। पंज प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन रवाना होगा।

दिल्ली कमेटी के पदाधिकारी आत्मा सिंह लुबाना, जसविंदर सिंह जस्सा, अवतार सिंह और गोकुल सिंह सहित अन्य सदस्य आगरा पहुंचे। उन्होंने गुरुद्वारा माईथान पहुंचकर माथा टेका और गुरु तेग बहादुर साहिब से जुड़े ऐतिहासिक कुएं के दर्शन किए। हेड ग्रंथी ज्ञानी कुलविंदर सिंह ने संगत को गुरुद्वारे का इतिहास बताया।

प्रधान कवलदीप सिंह ने सिरोपा भेंटकर संगत का सम्मान किया।
गुरुद्वारा गुरु का ताल के मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह ने आगरा की संगत से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होने की अपील की। मीडिया प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि दिल्ली के गुरुद्वारा शीशगंज साहिब में आगरा से जाने वाली संगत के रात्रि विश्राम की विशेष व्यवस्था की गई है। यात्रा में शामिल संगत सोमवार को वापस आगरा लौटेगी।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video





Subscribe to my channel



