अर्जुन रौतेला आगरा। यमुना नदी में दीपदान के दौरान लापता हुई 60 वर्षीय पार्वती देवी का पांच दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। महिला की तलाश में जुटे परिजनों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। रामबाग स्थित सीताराम घाट पर ठंड के बीच लगातार बैठे परिजनों ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अपना आक्रोश जताया। इस दौरान प्रजापति समाज के लोगों में भाजपा नेता और प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली। आक्रोशित पीड़ित परिजनों ने मंत्री को लेकर भी अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया।

थाना बरहन क्षेत्र के गांव खांडा निवासी भगवान सिंह प्रजापति की पत्नी पार्वती देवी उर्फ सविता कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार शाम करीब पांच बजे पड़ोस की महिलाओं के साथ जवाहर पुल के नीचे यमुना में दीपदान करने पहुंची थीं। इसी दौरान नदी किनारे अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिर गईं और तेज बहाव में लापता हो गईं। घटना के बाद पुलिस, गोताखोरों और मोटरबोट की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया गया, लेकिन पांच दिन बाद भी महिला का पता नहीं चल सका है।

महिला के दोनों बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्य सर्दी के बावजूद यमुना किनारे डटे हुए हैं और प्रशासन से तलाश अभियान तेज करने की मांग कर रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि पांच दिन गुजर जाने के बाद भी उनकी मां का पता नहीं चलना प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े करता है।

परिजनों के आक्रोश को समर्थन देते हुए अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के जिलाध्यक्ष बौबी यादव प्रधान, रिंकू यादव प्रधान सहित अन्य लोगों ने भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा। गौरीशंकर प्रजापति, विपिन प्रजापति सहित दर्जनों लोगों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए महिला की तलाश में प्रभावी कदम उठाने की मांग की। ग्रामीणों और समाज के लोगों का कहना है कि परिवार की पीड़ा को देखते हुए खोज अभियान में तेजी लाई जाए, जिससे उन्हें जल्द जानकारी मिल सके।

इससे पूर्व ग्रामीणों और समाज के लोगों ने प्रशासन से अभियान तेज करने की मांग करते हुए चेतावनी दी थी कि प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर प्रदर्शन किया जाएगा। मामले में एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि यमुना में लापता महिला की तलाश गोताखोरों और स्टीमर की मदद से लगातार कराई जा रही है।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video





Subscribe to my channel



