गुजरात हेड राजेंद्र तिवारी कि खास रिपोर्ट
सूरत महानगरपालिका की सामान्य सभा में पूर्व महापौर दक्षेश मावाणी ने विकास कार्यों के फॉलोअप को लेकर प्रशासन और पदाधिकारियों पर उठाए सवाल
सूरत: सूरत महानगरपालिका की सामान्य सभा में पूर्व महापौर दक्षेश मावाणी ने शहर के महत्वपूर्ण विकास प्रोजेक्टों की धीमी प्रगति और उनके फॉलोअप को लेकर प्रशासन एवं पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने डुमस सी-फेस, कतारगाम के रत्नमाला ब्रिज तथा तापी भवन के बोर्ड सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत प्रस्तुति की।
दक्षेश मावाणी ने कहा कि सूरत के लिए महत्वपूर्ण कई परियोजनाओं के समयबद्ध फॉलोअप की जिम्मेदारी पदाधिकारियों अथवा अधिकारियों द्वारा प्रभावी तरीके से नहीं ली जा रही है। इसके कारण निर्धारित समयसीमा के बावजूद कई कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है।
रत्नमाला ब्रिज के दूसरे हिस्से में देरी पर सवाल
मावाणी ने बताया कि कतारगाम के रत्नमाला ब्रिज के दूसरे हिस्से को अप्रैल अथवा जून महीने में शुरू करने की बात कही गई थी, लेकिन लगभग छह महीने बीत जाने के बावजूद कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। उन्होंने परियोजना की प्रगति की नियमित समीक्षा करने की आवश्यकता जताई।
डुमस सी-फेस के दूसरे चरण का मुद्दा
डुमस सी-फेस के दूसरे हिस्से को भी लगभग चार महीने पहले जनता के लिए खोलने की बात कही गई थी। हालांकि, छह महीने बीत जाने के बावजूद परियोजना को लेकर ठोस कार्यवाही नहीं होने का मुद्दा मावाणी ने सामान्य सभा में उठाया।
तापी भवन के बोर्ड को लेकर भी सवाल
महानगरपालिका का नाम ‘तापी भवन’ किए जाने के बाद भवन पर नया बोर्ड लगाने की मांग करीब दो महीने पहले की गई थी। मावाणी ने सवाल उठाया कि दो महीने बीत जाने के बावजूद बोर्ड तक नहीं लगाया गया है।
गति शक्ति योजना की तर्ज पर मॉनिटरिंग सिस्टम बनाने की मांग
दक्षेश मावाणी ने प्रधानमंत्री की गति शक्ति योजना की तर्ज पर सूरत महानगरपालिका में भी विकास परियोजनाओं की मॉनिटरिंग के लिए एक व्यवस्थित योजना बनाने की मांग की। उन्होंने विशेष रूप से पांच करोड़ रुपये से कम लागत वाली परियोजनाओं की भी नियमित समीक्षा किए जाने की बात कही।
उन्होंने मांग की कि ऐसी मॉनिटरिंग व्यवस्था लागू करने के बाद शहर के सभी बड़े और महत्वपूर्ण प्रोजेक्टों की हर महीने समीक्षा की जाए, ताकि परियोजनाओं में होने वाली देरी का समय पर पता चल सके और संबंधित अधिकारियों से जवाबदेही तय की जा सके।
मावाणी ने सामान्य सभा में कहा कि शहर के महत्वपूर्ण विकास कार्यों का नियमित फॉलोअप और जवाबदेही तय करना आवश्यक है, ताकि सूरत के नागरिकों को निर्धारित समय पर परियोजनाओं का लाभ मिल सके।
टी एन न्यूज़ 24 आवाज जुर्म के खिलाफ गुजरात हेड राजेंद्र तिवारी के साथ राजेश देसाई कि खास रिपोर्ट
Updated Video





Subscribe to my channel




