अर्जुन रौतेला आगरा। बल्केश्वर स्थित गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जागरूकता के वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में छात्राओं एवं आचार्या बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या चारू पटेल ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों के समक्ष पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद विद्यालय की आचार्या बहनों एवं छात्राओं ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

जयंती समारोह के तहत छात्राओं ने स्वच्छता एवं जन-जागरूकता रैली निकाली। रैली में छात्राओं ने स्वच्छ वातावरण, अनुशासन, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा से संबंधित संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। उन्होंने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
समारोह में छात्राओं ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, आदर्शों और राष्ट्र के प्रति योगदान पर आधारित विभिन्न देशभक्ति प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा जैसे जीवन-मूल्यों का संदेश दिया गया।

प्रधानाचार्या चारू पटेल ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम के आदर्श आज भी समाज एवं राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने छात्राओं से इन महान विभूतियों के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा स्वच्छता एवं राष्ट्रसेवा के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का मार्गदर्शन रेनू सिंह ने किया। संचालन रंजिनी त्यागी ने किया, जबकि मीडिया संबंधी व्यवस्थाएं नीलम सिंह एवं जूली ने संभालीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण तथा गांधी-शास्त्री के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने के संकल्प के साथ हुआ।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video





Subscribe to my channel




