।। कोसी कलां।।
महाराजा रावण की निकली भव्य सवारी, देखने को उमड़ी भीड़।

उत्सव नगरी कोसीकलां में गुरुवार की देर शाम श्री रामलीला महोत्सव के तहत महाराजा रावण की भव्य सवारी धूमधाम एवं धार्मिक उत्साह के साथ निकाली गई। सवारी को देखने के लिए नगर के विभिन्न मार्गों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी। मधुर बैंड-बाजों, नगाड़ों और जयघोषों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। शाम करीब 5 बजे तालाब शाही स्थित राम भवन से महाराजा रावण की सवारी का शुभारंभ हुआ। सवारी में सबसे आगे रावण महाराज के सेवक घोड़ों पर सवार होकर चलते हुए रावण राज्य शुरू होने का एलान कर रहे थे।

उनके द्वारा लगाए जा रहे विभिन्न जयघोषों से वातावरण पूरी तरह उत्सवमय हो गया। सवारी में रावण दरबार, महाराजा रावण, कुंभकर्ण, मेघनाद, विभीषण, ब्रह्मा जी से पूजा-अर्चना कर वरदान प्राप्त करते रावण, देवताओं को कारागार में बंद करने की झांकी, भय माता द्वारा चक्की चलाने की झांकी, भगवान शिव की आराधना करते महाराजा रावण तथा रावण-मंदोदरी दरबार सहित अनेक आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। रावण की सवारी तालाब शाही से प्रारंभ होकर सराफा बाजार, भरतमिलाप चौक, बल्देवगंज, हरदेवगंज, मेन बाजार, सब्जी मंडी, घंटाघर, पुरानी जीटी रोड, बस स्टैंड, अग्रसेन मार्ग एवं भगवती रोड होती हुई वापस धर्मशाला पहुंची, जहां सवारी का समापन हुआ। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में रावण की सवारी को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

आकर्षक झांकियों को देखने के लिए बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही। वहीं, मेले के अगले कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को गणेश जी की सवारी का नगर भ्रमण कराया जाएगा तथा रामलीला मैदान में नारद मोह लीला का मंचन किया जाएगा। रावण की सवारी को लेकर नगर पालिका की ओर से साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई, वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ नियंत्रण को लेकर चाक-चौबंद व्यवस्था देखने को मिली।

संवाददाता –विष्णु कुमार
चैनल से जुड़ने, खबरों व विज्ञापनों के लिए सम्पर्क करें।
मो. न. – 8279987958
Updated Video





Subscribe to my channel




