गुजरात हेड राजेंद्र तिवारी कि खास रिपोर्ट
सूरत के डिंडोली में घर के बाहर खेल रही 4 वर्षीय मासूम को कार ने कुचला, मौत से इलाके में शोक
सूरत शहर के डिंडोली क्षेत्र स्थित प्रयोषा पार्क सोसायटी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में घर के बाहर खेल रही 4 वर्षीय मासूम बच्ची की कार की टक्कर से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 वर्षीय स्नेहा अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान सोसायटी में रहने वाला कार चालक नितिन मिश्रा कथित रूप से तेज और लापरवाही से कार चलाते हुए वहां पहुंचा और बच्ची को अपनी कार की चपेट में ले लिया। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजन और सोसायटी के लोग मौके पर पहुंचे तथा उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक बच्ची के परिजनों का आरोप है कि कार चालक नितिन मिश्रा मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही डिंडोली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर रिहायशी क्षेत्रों में लापरवाही से वाहन चलाने और मोबाइल का उपयोग करते हुए ड्राइविंग करने के खतरों को उजागर किया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सोसायटियों और आवासीय क्षेत्रों में यातायात सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।
टी एन न्यूज़ 24 आवाज जुर्म के खिलाफ गुजरात हेड राजेंद्र तिवारी के साथ राजेश देसाई कि खास रिपोर्ट
Updated Video





Subscribe to my channel


