अर्जुन रौतेला, आगरा। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम का 19 सितंबर को आगरा में सजीव प्रसारण किया जाएगा। शाम पांच बजे लोहामंडी स्थित होटल श्याम पैलेस, सेंट जॉन्स चौराहे से लोहामंडी मार्ग पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों के साथ विभिन्न कॉलेजों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
कांग्रेस के अनुसार, राहुल गांधी का मुख्य संवाद कार्यक्रम 19 सितंबर को मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित होगा। इसमें वे देशभर के छात्रों से शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, भर्ती, फीस और छात्र हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद करेंगे। कांग्रेस की ओर से इस संवाद कार्यक्रम को अगले दो वर्षों में देश के 800 शहरों तक ले जाने की योजना बताई गई है। आगरा में भी कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के माध्यम से युवाओं को इससे जोड़ने की तैयारी की गई है।

लाइव प्रसारण कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं के साथ अखिल भारतीय महिला कांग्रेस, शहर कांग्रेस कमेटी और युवा कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। विभिन्न महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की सहभागिता भी प्रस्तावित है। कार्यक्रम में युवाओं को अपने सवाल और सुझाव रखने का अवसर दिया जाएगा।
पोस्टर जारी कर युवाओं को जोड़ने का आह्वान
कार्यक्रम की जन-जागरूकता के लिए शुक्रवार शाम बाईपास रोड, खंदारी स्थित होटल विक्रम पैलेस में पोस्टर जारी किया गया। पोस्टर का विमोचन अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की सचिव नम्रता दान, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामनाथ सिकरवार, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित सिंह और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अश्विनी जैन ने संयुक्त रूप से किया।

नम्रता दान ने कहा कि पेपर लीक, लंबित भर्तियां, बेरोजगारी, फीस वृद्धि और छात्राओं की सुरक्षा जैसे मुद्दे युवाओं के भविष्य से सीधे जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इन मुद्दों को छात्रों के बीच उठाकर उनकी आवाज को मंच देने का प्रयास कर रहे हैं। आगरा के युवाओं और जेनजी को इस संवाद से जोड़ने के लिए लाइव प्रसारण आयोजित किया जा रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामनाथ सिकरवार ने कहा कि पेपर लीक और बेरोजगारी के कारण छात्र और युवा निराश हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के बीच संवाद स्थापित कर उन्हें अपने अधिकारों एवं भविष्य से जुड़े मुद्दों पर जागरूक करना आवश्यक है।

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित सिंह ने युवाओं से 19 सितंबर की शाम पांच बजे होटल श्याम पैलेस पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि छात्र और युवा शिक्षा, रोजगार तथा भर्ती से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाना चाहते हैं और ऐसे संवाद उन्हें अपनी बात रखने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष ताहिर हुसैन, प्रदेश सचिव सलमान कुरेशी, जिला उपाध्यक्ष सतेंद्र दुबे, शहर उपाध्यक्ष बुरहान शमसी, पूर्व महानगर अध्यक्ष अश्वनी कुमार जैन, दक्षिण विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अनुज शर्मा, सतेंद्र मुद्गल, लखन सिकरवार, राहुल रावत, जगदीश जाटव और सोनू चाहर सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video





Subscribe to my channel



