।।कोसीकलां (मथुरा)।।

पुष्प वर्षा और जयकारों के बीच निकली महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा, दर्शन को उमड़ी भीड़

उत्सव नगरी कोसीकलां में गुरुवार को श्री श्री 1008 महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के अंतर्गत महाराजा अग्रसेन की ऐतिहासिक एवं भव्य शोभायात्रा बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ निकाली गई। मधुर बैंड-बाजों की धुन, आकर्षक धार्मिक झांकियों और सफेद घोड़ों पर सवार 18 राजकुमारों ने शोभायात्रा की भव्यता में चार चांद लगा दिए। नगर के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। महाराजा अग्रसेन के जयकारों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा और शोभायात्रा को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि वासुदेव गर्ग, आकाशदीप गर्ग, संजीव अग्रवाल, देशबंधु अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने महाराजा अग्रसेन जी की आरती उतारकर किया। इस अवसर पर अग्रवाल सभा के अध्यक्ष संजीव जाविया, मंत्री जगदीश अग्रवाल, देशबंधु अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथियों का माला एवं पटका पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। इसके बाद शोभायात्रा ग्यालाल स्मृति भवन से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी।

शोभायात्रा में चांदी के सिंहासन पर विराजमान महाराजा अग्रसेन जी की दिव्य एवं भव्य झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वहीं सफेद घोड़ों पर सवार 18 राजकुमारों की सुसज्जित टोली ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ ही महारानी माधवी, राजाराम सरकार ओरछा धाम, श्री राधारमण जी महाराज तथा अन्य देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मधुर बैंड-बाजों की धुन के बीच निकली शोभायात्रा को देखने के लिए नगर के प्रमुख मार्गों पर लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी। जगह-जगह श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किय।

इस अवसर पर वक्ताओं ने महाराजा अग्रसेन जी के जीवन, विचारों एवं आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज में समानता, न्याय, करुणा, सहयोग और सामूहिक कल्याण की भावना को बढ़ावा दिया। उनके आदर्श आज भी समाज को एकता, भाईचारे और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। महाराजा अग्रसेन के विचार सामाजिक समरसता को मजबूत करने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने का संदेश देते हैं। शोभायात्रा के माध्यम से नगरवासियों तक उनके आदर्शों एवं सामाजिक एकता का संदेश पहुंचाया गया।

शोभायात्रा का समापन भरत मिलाप चौक पर वरिष्ठ भाजपा नेता तरुण सेठ के सम्मान समारोह के साथ हुआ। इस दौरान भाजपा नेता तरुण सेठ ने आकर्षक धार्मिक झांकियों एवं सुसज्जित घोड़ों पर सवार राजकुमारों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने महाराजा अग्रसेन जी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में एकता, भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।

संवाददाता –विष्णु कुमार
चैनल से जुड़ने, खबरों व विज्ञापनों के लिए सम्पर्क करें।
मो. न. – 8279987958
Updated Video





Subscribe to my channel




