संवाददाता अर्जुन रौतेला आगरा। भारतीय श्रमिक कामगार कर्मचारी महासंघ के तत्वावधान में शनिवार को आस्था सिटी, जीवनी मंडी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मान समारोह श्रमिक एकता और अधिकारों की बुलंद आवाज बनकर सामने आया। कार्यक्रम से पूर्व बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर से आस्था सिटी तक निकली विशाल जागरूकता रैली में सैकड़ों श्रमिकों और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर शहर में श्रमिक हितों की अलख जगाई।

रैली को उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के दौरान “जो श्रमिक हित की बात करेगा, वही देश पर राज करेगा” के नारों से वातावरण गूंज उठा और श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। मार्ग में पुष्प वर्षा कर सैंकड़ों स्थानों पर रैली का स्वागत किया गया।

इसके उपरांत आयोजित सम्मान समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासचिव सर्वेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष संदीप साहू, प्रदेश मंत्री वीरेंद्र कुमार मित्तल, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष विवेक श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष आगरा प्रमोद कुमार अग्रवाल, जिलाध्यक्ष मथुरा भगत सिंह अरोड़ा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
राष्ट्रीय महासचिव सर्वेश पाठक ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महासंघ श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित संगठन है, जो उन्हें संगठित कर उनके हितों की आवाज को मजबूत कर रहा है। उन्होंने बताया कि यह संगठन भारतीय जनता पार्टी का प्रणित प्रकोष्ठ है, जो जमीनी स्तर पर कार्य कर रहा है।
प्रदेश मंत्री वीरेंद्र कुमार मित्तल ने संगठन की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और उनकी समस्याओं का समाधान करना महासंघ की प्राथमिकता है।

जिलाध्यक्ष आगरा प्रमोद कुमार गोयल ने बताया कि शहर में लगभग दो से ढाई लाख असंगठित श्रमिक हैं, जिन्हें संगठित कर उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा और उन्हें सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
समारोह में श्रमिक हितों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रमोद कुमार गोयल, विवेक श्रीवास्तव, भगत सिंह अरोड़ा सहित 40 कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय महासचिव सर्वेश पाठक ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी सदस्य राहुल अग्रवाल, मयंक खंडेलवाल, सुरेंद्र नरूला, मनीष माहेश्वरी, अनूप अग्रवाल आदि उपस्थित रहे ।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video




Subscribe to my channel



