अर्जुन रौतेला आगरा। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उदयन केयर के आगरा अध्याय का छठवां प्रेरण समारोह रविवार को प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल, दयालबाग में आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद अतिथियों का नवांकुर भेंट कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. सुशील गुप्ता के निर्देशन में सत्र 2026-27 के लिए नई छात्रा कैबिनेट का गठन किया गया। रिद्धि शर्मा को हेड गर्ल, अंशिका अग्रवाल को वाइस हेड गर्ल तथा ऋतु प्रजापति को सोशल मीडिया इंचार्ज की जिम्मेदारी सौंपी गई। विभिन्न बैचों के लिए बैच कैप्टन एवं प्रिफेक्ट्स की भी घोषणा की गई।

समारोह में बताया गया कि वर्ष 2021 में शिक्षादान फाउंडेशन के सहयोग से 50 छात्राओं के साथ शुरू हुआ उदयन केयर का आगरा अध्याय आज 172 छात्राओं तक पहुंच चुका है। इस वर्ष आगरा के विभिन्न विद्यालयों की 30 मेधावी छात्राओं का चयन ‘उदयन शालिनी फैलोशिप’ के लिए किया गया है। संस्था प्रत्येक चयनित छात्रा को शैक्षणिक आवश्यकताओं के लिए ₹10 हजार की वार्षिक छात्रवृत्ति प्रदान करेगी, जिसकी राशि सीधे उनके बैंक खातों में स्थानांतरित की जाएगी।

संस्था की संस्थापक प्रबंध ट्रस्टी डॉ. किरन मोदी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह फैलोशिप केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने छात्राओं से इस अवसर का सदुपयोग करते हुए जीवन की चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि एवं प्रख्यात स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. संध्या अग्रवाल ने कहा कि चरित्र, दृढ़ विश्वास, साहस, विनम्रता और आत्मविश्वास सफलता के पांच प्रमुख आधार हैं। यदि छात्राएं इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाएं तो वे हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती हैं।

सलाहकार समिति सदस्य डॉ. सुशील गुप्ता ने छात्राओं को अपने जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि डॉ. रुचिका गर्ग एवं डॉ. चीनू अग्रवाल ने नवचयनित छात्राओं में से एक-एक छात्रा की व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया है, जिससे उन्हें शिक्षा एवं व्यक्तित्व विकास में मार्गदर्शन मिल सके।

समारोह में शाहीन निशा ने सभी शालिनियों को शपथ दिलाई। बैच-2 एवं बैच-4 की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि वैष्णवी एवं उनके समूह के गीतों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन नैंसी बघेल एवं अंशिका श्रीवास्तव ने किया तथा अंत में शिल्पा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर डॉ. बी.एम. अग्रवाल सहित सीमा सहजपाल, आशीष चक्रवर्ती, जॉन प्रदीप उलरिक, डॉ. नीलम मेहरोत्रा, पी.एस. ओबेरॉय, एडवोकेट नम्रता मिश्रा, भावना रघुवंशी, दिव्या कालरा, सीए ऋचा बिंदल गोयल, डॉ. मोनिका अग्रवाल, प्रतिभा कुलश्रेष्ठ, राशि गर्ग, मोहित महाजन, डॉ. शेफालिका श्रीवास्तव, वंदना टंडन, शशांक अग्रवाल, विजय अग्रवाल, उत्कर्ष जायसवाल, मुकेश मीरचंदानी, राजीव टंडन, अजीता बरनवाल, जगप्रीत सिंह सचदेवा, प्रतिभा सुनीति शॉ, डॉ. अंशिका सरकार, डॉ. वागिशा गुप्ता एवं नरेंद्र कुशवाह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला आगरा 8868868461
Updated Video





Subscribe to my channel




