अर्जुन रौतेला आगरा, 20 सितंबर। थाना सिकंदरा क्षेत्र में ट्रैवल एजेंसी संचालक की जान बचाने में तत्परता दिखाने वाले पुलिसकर्मियों का रविवार को प्राची टावर पुलिस चौकी पर सम्मान किया गया। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच, ब्रज प्रदेश के अध्यक्ष विनय अग्रवाल ने पुलिसकर्मियों का स्वागत कर उनकी सराहनीय भूमिका की प्रशंसा की।
बताया गया कि 13 सितंबर को प्राची टावर पुलिस चौकी के पास ट्रैवल एजेंसी संचालक मनोज ने अपनी कार में खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया था। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी कपिल कुमार, उपनिरीक्षक रामवीर, उपनिरीक्षक वीरेन, कांस्टेबल नरेंद्र तथा कांस्टेबल नितिन तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई और समय रहते मनोज को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विनय अग्रवाल ने कहा कि संकट की घड़ी में पुलिसकर्मियों ने जिस तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय दिया, वह सराहनीय है। उनकी सक्रियता से एक व्यक्ति की जान बच सकी। उन्होंने कहा कि पुलिस के सकारात्मक और मानवीय कार्यों को समाज के सामने लाना तथा ऐसे कर्मियों का उत्साहवर्धन करना आवश्यक है।
समाजवादी पार्टी आगरा दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष सतीश चाहर ने कहा कि पुलिस के कार्यों की आलोचना के साथ-साथ उसके अच्छे और मानवीय कार्यों की सराहना करना भी समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की तत्परता से एक व्यक्ति की जान बचना उनके कर्तव्यनिष्ठ रवैये का उदाहरण है।
सम्मान समारोह में उमेश अग्रवाल, के.एम. सिंघल, जीनेश अग्रवाल, हिमांशु यादव, भानु प्रताप सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video





Subscribe to my channel




