आगरा में हाईकोर्ट की खंडपीठ समेत जनहित की मांगों को लेकर अधिवक्ताओं का उपवास
सुबह 11 से शाम चार बजे तक चौधरी चरण सिंह प्रतिमा स्थल पर दिया धरना, एम्स, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और स्टेडियम की भी उठाई मांग ।

आगरा। इलाहाबाद हाईकोर्ट की खंडपीठ आगरा में स्थापित किए जाने समेत विभिन्न जनहित और विकास संबंधी मांगों को लेकर अधिवक्ताओं ने शनिवार को चौधरी चरण सिंह प्रतिमा स्थल, दीवानी कचहरी के सामने उपवास किया। अधिवक्ताओं ने सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक उपवास रखकर आगरा के विकास से जुड़ी प्रमुख मांगों को उठाया।

उपवास के दौरान अधिवक्ताओं ने आगरा में इलाहाबाद हाईकोर्ट की खंडपीठ स्थापित करने, जनपद में जलस्तर बढ़ाकर किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने, एम्स की शाखा स्थापित करने, अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम का निर्माण कराने और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा स्थापित करने की मांग की।

अधिवक्ताओं का कहना था कि आगरा ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण शहर होने के बावजूद कई बुनियादी एवं विकास संबंधी सुविधाओं से अभी भी वंचित है। हाईकोर्ट की खंडपीठ की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। उनका कहना है कि इन मांगों के पूरा होने से आगरा के साथ आसपास के जिलों के लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
उपवास कार्यक्रम में आगरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष परमार के साथ अरुण सोलंकी, शैलेंद्र रावत, आरके नीलम, ऋषिराज चौहान, भारत सिंह, एमपी सिंह, विलाल अहमद, नोशाद अहमद, महेंद्र बंसल, तजेंद्र लोधी, गीतम चौधरी, केशव शेखावत, विकास पचौरी, प्रतुल शर्मा, गौतम वर्मा, नरेंद्र, ज्ञानेंद्र, प्रतीक सिंघल, सम्यक और अनिल तोमर सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
Updated Video





Subscribe to my channel


