अर्जुन रौतेला आगरा। ताजनगरी के औद्योगिक जगत के लिए गौरवपूर्ण अवसर रहा, जब नई दिल्ली के प्रतिष्ठित हैदराबाद हाउस में आयोजित भारत-स्विट्जरलैंड के उच्चस्तरीय कार्यक्रम में आगरा के प्रमुख उद्योगपति एवं डावर ग्रुप के चेयरमैन पूरन डावर की उपस्थिति रही। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गी पार्मेलिन (Guy Parmelin) और श्रीमती कैरोलिन पार्मेलिन के साथ स्मरणीय क्षण साझा किए।
स्विस राष्ट्रपति की भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति गी पार्मेलिन के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। वार्ता में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, तकनीक, नवाचार और आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। ऐसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन में आगरा के फुटवियर उद्योग का प्रतिनिधित्व करने वाले पूरन डावर की मौजूदगी को शहर के औद्योगिक क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

पूरन डावर लंबे समय से आगरा के फुटवियर उद्योग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में सक्रिय रहे हैं। वर्ष 1994 में आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैम्बर की स्थापना में उनकी अग्रणी भूमिका रही। संगठन के माध्यम से उन्होंने फुटवियर निर्माताओं और निर्यातकों को साझा मंच उपलब्ध कराने के साथ उद्योग की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया।
केंद्र में अहम जिम्मेदारी, फुटवियर उद्योग की आवाज को राष्ट्रीय मंच
पूरन डावर वर्तमान में भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत डेवलपमेंट काउंसिल फॉर फुटवियर एंड लेदर इंडस्ट्री (DCFLI) के चेयरमैन हैं। साथ ही वह मंत्रालय के बोर्ड ऑफ ट्रेड के गैर-सरकारी सदस्य भी हैं। इन दायित्वों के माध्यम से वह फुटवियर एवं लेदर उद्योग की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता, निर्यात संवर्धन, औद्योगिक विकास और नीतिगत सुधारों से जुड़े विषयों में भूमिका निभा रहे हैं।
भारत और स्विट्जरलैंड के बीच बढ़ते आर्थिक संबंधों के बीच भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (EFTA) के बीच व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते (TEPA) के तहत निवेश और रोजगार सृजन के लक्ष्य भी निर्धारित किए गए हैं। ऐसे में तकनीक, निवेश, आधुनिक विनिर्माण और वैश्विक बाजार तक पहुंच के नए अवसर भारतीय उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

संघर्ष से उद्योग नेतृत्व तक का सफर
पूरन डावर का औद्योगिक सफर संघर्ष और परिश्रम से सफलता तक पहुंचने की मिसाल माना जाता है। विभाजन के बाद परिवार ने कठिन परिस्थितियों में आगरा में नए सिरे से जीवन शुरू किया। सीमित संसाधनों के बीच शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने व्यवसाय की शुरुआत की और आगे चलकर फुटवियर निर्माण एवं निर्यात के क्षेत्र में प्रतिष्ठित पहचान बनाई।

उद्योग के साथ सामाजिक सरोकारों और आगरा के विकास से जुड़े प्रयासों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। आगरा डेवलपमेंट फाउंडेशन सहित विभिन्न औद्योगिक एवं सामाजिक संस्थाओं से जुड़े पूरन डावर की अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में मौजूदगी को आगरा के फुटवियर और निर्यात उद्योग के लिए सम्मान और नई संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video





Subscribe to my channel





