संवाददाता :- सुमन कुमार दत्ता (पाकुड़ )
पाकुड़: ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ करने एवं पशुपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत पाकुड़ प्रखंड अंतर्गत प्रांतीयकृत पशु चिकित्सालय परिसर में पशुधन वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला पशुपालन कार्यालय, पाकुड़ द्वारा किया गया।इस अवसर पर योजना के तहत चयनित 10 लाभुकों के बीच बकरा-बकरी प्रजनन इकाई का वितरण किया गया। इस पहल से लाभार्थियों को स्वरोजगार का अवसर मिलने के साथ-साथ आय वृद्धि का सशक्त माध्यम प्राप्त होगा। अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और आत्मनिर्भरता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने लाभार्थियों को पशुओं की समुचित देखभाल, नियमित टीकाकरण एवं वैज्ञानिक पशुपालन पद्धति अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि लाभार्थी प्रशिक्षण के अनुरूप पशुपालन करेंगे तो वे बेहतर उत्पादन और आय सुनिश्चित कर सकेंगे।इस अवसर पर जिला पशुपालन पदाधिकारी, पाकुड़ डॉ. नीरज कुमार गुप्ता, पशु शल्य चिकित्सक, विधायक प्रतिनिधि, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं लाभुक उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए किया गया तथा आशा व्यक्त की गई कि योजना के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

Updated Video





Subscribe to my channel







