“गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं, इंजीनियर निर्माण स्थल पर रहकर पूरी कराएं योजनाएं” -नगर परिषद उपाध्यक्ष
संवाददाता-सुमन कुमार दत्ता
पाकुड़: नगर परिषद क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और आम जनता की बुनियादी समस्याओं के समाधान की दिशा में मंगलवार की देर शाम एक बड़ा कदम उठाया गया। वार्ड नंबर 9, 10 और 14 के निवासियों को जलजमाव और खराब रास्तों से निजात दिलाने के लिए लगभग 83 लाख रुपए की लागत से बनने वाली चार सड़कों (PCC) एवं नाली निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया।
यह शिलान्यास नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल, उपाध्यक्ष राणा ओझा, कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी सहित संबंधित वार्डों के पार्षदों द्वारा संयुक्त रूप से हर योजना स्थल पर फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया गया।
आवागमन होगा सुगम, जाम से मिलेगी मुक्ति: अध्यक्ष
इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल ने कहा कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए शहर के विभिन्न वार्डों में नए रास्तों को आपस में जोड़ने की योजना बनाई गई है। इन सड़कों के बनने से आम जनता को आवागमन में सुविधा होगी, लोग आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे और शहर को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता: उपाध्यक्ष
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान उपाध्यक्ष राणा ओझा ने साफ शब्दों में कहा कि पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र में चल रही किसी भी कल्याणकारी योजना या निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद संवेदक (ठेकेदार) और विभागीय अभियंताओं को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सभी इंजीनियर खुद निर्माण स्थल पर मौजूद रहकर काम की निगरानी करें और योजनाओं को सही रूप दें, ताकि जनता को लंबे समय तक इसका लाभ मिले। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस निर्माण से लोगों को कीचड़ और जलजमाव की समस्या से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।
मौके पर कई गणमान्य रहे मौजूद
इस ऐतिहासिक शिलान्यास के अवसर पर वार्ड पार्षद विमल चंद्र राउत, गुड्डू कुमार भगत, मो• मुस्ताक अंसारी, निभा देवी, पूनम देवी, तनु दास, अनिकेत गोस्वामी, रियाज अंसारी, राखी सरदारनी, कृष्णा शर्मा और विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।

Updated Video





Subscribe to my channel



