गुजरात हेड राजेंद्र तिवारी कि खास रिपोर्ट
रेलवे के विभिन्न मुद्दों को लेकर सांसद मुकेश दलाल ने सदन में उठाई आवाज
सूरत से दररोज श्रमिक एक्सप्रेस तथा मुंबई के लिए ट्रेन चलाने सहित विकास कार्यों की मांग
सूरत, ता. 4:
सांसद श्री मुकेश दलाल ने संसद में रेलवे से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने सूरत तथा दक्षिण गुजरात के यात्रियों और श्रमिकों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए कई मांगें रखीं।
सांसद श्री दलाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश और बिहार के लाखों श्रमिक दक्षिण गुजरात के सूरत, वापी, नवसारी, वलसाड आदि औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत हैं। त्यौहारों और विशेष अवसरों पर इन श्रमिकों को अपने गृह राज्य जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पिछले कुछ वर्षों से ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने रेलवे मंत्रालय से मांग की है कि सूरत से दररोज श्रमिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाए तथा मुंबई के लिए अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही ट्रेन संख्या 19015 श्रमिक एक्सप्रेस और 19043 सूरत-मुंबई एक्सप्रेस को नियमित रूप से संचालित करने तथा उनकी आवृत्ति बढ़ाने की भी मांग की गई।
सांसद ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार के लगभग 20 लाख से अधिक श्रमिक दक्षिण गुजरात में निवास करते हैं और विभिन्न उद्योगों में कार्यरत हैं। ऐसे में उनके लिए बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।
वही उन्होंने सूरत से उत्तर भारत के प्रमुख शहरों जैसे भुसावल, बरेली, उन्नाव, आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, आजमगढ़, बलिया, छपरा, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर के लिए सीधी ट्रेन सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की।
सांसद महोदय ने सुझाव दिया कि सूरत से गोरखपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर या कटिहार के लिए नई ट्रेनें शुरू की जाएं, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिल सके। इसके अलावा उन्होंने ट्रेनों में रिजर्वेशन कोटा और इमरजेंसी कोटा बढ़ाने की भी मांग रखी।
सांसद श्री मुकेश दलाल ने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे मंत्रालय इन मांगों पर सकारात्मक विचार करेगा और जल्द ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
Updated Video




Subscribe to my channel



