गुजरात हेड राजेंद्र तिवारी की खास रिपोर्ट
गुजरात प्रदेश के मही सागर जिले के बाड़ेर पुलिस की बड़ी सफलता, फर्जी शादी कर 11.30 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
महीसागर, गुजरात: बाड़ेर पुलिस ने फर्जी विवाह के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दुल्हन सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई से विवाह के नाम पर होने वाली ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, खानपुर तालुका क्षेत्र के निवासी शिकायतकर्ता को विवाह के लिए युवती दिखाकर आरोपी महिला ने अपना नाम बदलकर शादी की थी। शादी के बाद सुनियोजित तरीके से सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी लेकर फरार हो गई। इस पूरे षड्यंत्र में एक अन्य आरोपी स्वयं को महिला का भाई बताकर शामिल था।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पीड़ित से सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, सोने की चेन, चांदी के आभूषण सहित कुल 6.09 लाख रुपये के जेवरात तथा 5.21 लाख रुपये नकद प्राप्त कर कुल 11.30 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर बाड़ेर पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने राजस्थान के डूंगरपुर जिले के सीमलवाड़ा क्षेत्र में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।
बाड़ेर पुलिस की इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिसने विवाह के नाम पर लोगों को ठगने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश दिया है। पुलिस ने नागरिकों से विवाह संबंध तय करते समय पूरी जांच-पड़ताल करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
टी एन न्यूज़ 24 आवाज जुर्म के खिलाफ गुजरात हेड राजेंद्र तिवारी के साथ राजेश देसाई कि खास रिपोर्ट स्थानीय प्रेस नोट और विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें 9879 855419
Updated Video





Subscribe to my channel




