संवादाता अर्जुन रौतेला। दिल्ली स्थित बिहार निवास में आज जनता दल यूनाइटेड उत्तर प्रदेश इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संगठन की आगामी रणनीति पर मंथन किया। बैठक की अगुवाई जदयू उत्तर प्रदेश की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल ने की, जिन्होंने बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री एवं यूपी जदयू प्रभारी श्रवण कुमार से शिष्टाचार भेंट भी की।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश जदयू के प्रदेश महासचिव राजेश सिंह (बलिया), वरिष्ठ नेता लोकेन्द्र पटेल, तथा दक्षिण भारत से पधारे सक्रिय कार्यकर्ता रॉयल मुर्गेश और मुथु कुमार भी मौजूद रहे।

बैठक की पहली कड़ी में उत्तर प्रदेश में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों की रूपरेखा तय की गई। प्रदेशभर में बूथ स्तर तक संगठन के पुनर्गठन, महिला मोर्चा की सक्रिय भागीदारी और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
इसके बाद चर्चा का केंद्र रहा — बुंदेलखंड, विशेष रूप से बांदा जनपद, जहां राजनीतिक संरक्षण प्राप्त कुछ सोशल मीडिया यूज़र्स द्वारा महिलाओं, विशेषकर सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं के विरुद्ध लगातार अश्लील, अभद्र एवं चरित्रहननकारी टिप्पणियाँ की जा रही हैं।
शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि “इन टिप्पणियों से न केवल महिलाओं की गरिमा आहत हो रही है, बल्कि यह लोकतंत्र की स्वस्थ बहस की मूल भावना को भी क्षति पहुंचाता है। दुर्भाग्यवश स्थानीय प्रशासन इस पर मौन है, जो कहीं न कहीं इन तत्वों को बढ़ावा दे रहा है। जनता दल यूनाइटेड इसे कदापि सहन नहीं करेगा।”

इस पर मंत्री श्रवण कुमार ने कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट कहा कि “महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने वालों की खैर नहीं होगी। बांदा के पुलिस अधीक्षक को इस मामले में तत्काल संज्ञान लेकर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।”
बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित हुआ कि यदि प्रशासन द्वारा उचित एवं त्वरित कार्रवाई नहीं की जाती, तो लखनऊ विधानसभा के समक्ष शांतिपूर्ण, लेकिन निर्णायक आंदोलन आयोजित किया जाएगा। आंदोलन की रणनीति तैयार करने एवं समन्वय हेतु ज़िम्मेदार पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

इस शिष्टाचार भेंट और विचार-विमर्श ने यह स्पष्ट कर दिया कि जदयू न केवल चुनावी तैयारियों में गंभीर है, बल्कि बुंदेलखंड क्षेत्र की सामाजिक-राजनीतिक समस्याओं को राष्ट्रीय फलक पर उठाने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
अन्य खबरों एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें संवादाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video




Subscribe to my channel




