अर्जुन रौतेला आगरा। शहर की बदहाल सड़कों और स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने शुक्रवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। लोहामंडी मार्ग स्थित आलमगंज जलकल विभाग के पास करीब चार फीट गहरे गड्ढे का माल्यार्पण कर, पुष्प वर्षा की गई तथा आरती उतारकर प्रतीकात्मक रूप से ‘गड्ढा पूजन’ किया गया। इस दौरान नेताओं ने नगर निगम, स्मार्ट सिटी परियोजना और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला।

कार्यक्रम का नेतृत्व सपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी विनय अग्रवाल, दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष सतीश चाहर तथा पूर्व पार्षद राजपाल यादव ने किया। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि शहर में जगह-जगह गहरे गड्ढे, जलभराव, खुले नाले और अधूरे विकास कार्य आम जनता के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। उन्होंने ‘गड्ढा देवता’ से प्रार्थना करते हुए कहा कि शहरवासियों को किसी प्रकार की दुर्घटना से सुरक्षित रखें।
विनय अग्रवाल ने आरोप लगाया कि स्मार्ट सिटी पर हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद आगरा की स्थिति बदहाल है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश को गड्ढा मुक्त बनाने का दावा किया गया था, लेकिन आज सड़कों की हालत इसके विपरीत दिखाई दे रही है।

दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष सतीश चाहर ने स्मार्ट सिटी परियोजना में वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि विकास कार्यों का लाभ जनता तक नहीं पहुंचा। वहीं पूर्व पार्षद राजपाल यादव ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब जोनल कार्यालय के सामने ही गड्ढे मौजूद हैं तो पूरे शहर की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।

प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन का दावा भी किया।
इस अवसर पर टीटू पंडित, मोनी पारेख, अशफाक अहमद, राजकुमार माहौर, मोहित यादव, हिमांशु यादव, पंकज गोयल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अन्य खबरों हेतु संपर्क करें संवाददाता अर्जुन रौतेला 8868868461
Updated Video





Subscribe to my channel



